बड़गांव में सीमेंट से भरा ट्रक पलटा, चालक गंभीर, आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
रीठी (कटनी)। कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गांव गांव के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट की बोरियों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MP 13 H 2229 मैहर से दमोह की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक बड़गांव के पास पहुंचा, उसी समय आगे चल रहे एक अन्य ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे चल रहे सीमेंट लदे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल घायल चालक को उपचार के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात सुचारू कराया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल घायल चालक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।








