बच्चों को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाने यातायात पुलिस ने आयोजित की विविध प्रतियोगिताएं, नालंदा स्कूल में हुआ आयोजन
कटनी। यातायात नियमों के प्रति लोगों के अंदर जागरूकता लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस तरह-तरह के आयोजन समय-समय पर करती है। इसी क्रम में आज स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रतियोगिता के जरिए उन्हें यातायात के नियम समझने का प्रयास किया गया।
जानकारी देते हुए यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में गायत्री नगर स्थित नालंदा हायर सेकंडरी स्कूल में आज यातायात पुलिस के द्वारा यातायात प्रशिक्षण एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। उक्त कार्यक्रम में स्कूली छात्र छात्राओं को यातायात नियमों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने की भी समझाइश दी गई। इस दौरान ड्रॉइंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र छात्राओं में से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मेडल एवं शील्ड प्रदान किए गए। अन्य बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार वितरित किए गए। स्कूली छात्राओं द्वारा अभिनय के माध्यम से यातायात नियमों का पालन करने की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।








