जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग के प्रगतिरत कार्यों की महापौर ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश, जनहित एवं सुगम आवागमन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता से करें

कटनी। शहर विकास के महत्वपूर्ण विषय जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु महापौर प्रीति संजीव सूरी ने गुरुवार को निगम अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक लेकर कार्य की विस्तृत समीक्षा की। महापौर श्रीमती सूरी ने मार्ग में अब तक पूर्ण हुए कार्यों, स्थल के प्रगतिरत कार्यों तथा शेष कराए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सड़क चौड़ीकरण कार्य के तहत नाली निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग सहित अन्य आवश्यक कार्य चरणबद्ध रूप से शीघ्र पूर्ण करने की दिशा में सर्वोच्च प्राथमिकता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

महापौर श्रीमती सूरी द्वारा बैठक के दौरान जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग में पूर्व चिन्हित अतिक्रमण को हटाने हेतु प्रगतिरत कार्यवाही की वर्तमान स्थिति की जानकारी चाही गई। जिस पर अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि अधिकांश अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूर्ण की जा चुकी है, जबकि शेष प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही प्रभावित हितग्राहियों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि प्रदान भी कर दी गई है, शेष प्रकरणों पर कार्यवाही प्रगतिरत है जिसे शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। महापौर ने शेष लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर भुगतान प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो तथा आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए।

बैठक में महापौर ने न्यायालयीन प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों की संख्या एवं उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालयीन मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित कर शीघ्र समाधान की दिशा में कार्य किया जाए, ताकि कार्य की गति प्रभावित न हो। अंत में महापौर श्रीमती सूरी ने समयसीमा पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिए कि जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक का संपूर्ण कार्य गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयावधि में शीघ्र पूर्ण किया जाए। बैठक के दौरान प्रभारी सहायक यंत्री सुनील सिंह, उपयंत्री मोना करेरा, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह, विधि प्रभारी वरुणेश मिश्रा, लेखापाल श्रीकांत तिवारी सहित अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *