देर रात तक जवारे विसर्जन की व्यवस्था में जुटा रहा निगम का अमला, शनिवार प्रातः से शोभायात्रा मार्ग सहित घाटों की व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने किए गए विशेष प्रयास

देर रात तक जवारे विसर्जन की व्यवस्था में जुटा रहा निगम का अमला, शनिवार प्रातः से शोभायात्रा मार्ग सहित घाटों की व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने किए गए विशेष प्रयास

कटनी। शुक्रवार को आयोजित जावरा विसर्जन पर्व के दौरान नगर निगम प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए शहर में व्यापक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के प्रयास जारी रहे। देर रात तक निगम का अमला विभिन्न विसर्जन घाटों, जुलूस मार्गों एवं प्रमुख चौराहों पर मुस्तैदी के साथ तैनात रहा और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अपने दायित्वों के निर्वहन में जुटा रहा।

निगम प्रशासन द्वारा धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं यातायात समन्वय जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी गई। इन प्रयासों के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। विसर्जन घाटों पर विशेष साफ-सफाई के साथ अस्थायी जल कुंडों का निर्माण किया गया। साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध किए गए। कार्यक्रम के समापन के पश्चात भी निगम टीम द्वारा त्वरित रूप से सफाई कार्य कर क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखी गई।

शोभा यात्रा मार्ग पर विशेष सफाई अभियान

रामनवमी एवं श्री राम जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाली शोभा यात्रा को ध्यान में रखते हुए नगर के प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। घंटाघर, रामलीला प्रांगण, गर्ग चौराहा, हीरागंज, वेंकटेश मंदिर मार्ग, गजानन चौक, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, झंडा बाजार, देशराज गुप्ता गली, लक्ष्मी नारायण मंदिर रोड, शेर चौक, आजाद चौक होते हुए गाटरघाट स्थित राम मंदिर तक मार्गों की समुचित सफाई कराई गई। इसके अतिरिक्त मोहन घाट, गाटरघाट सहित अन्य विसर्जन स्थलों पर जलकुंड एवं संबंधित व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए गए। समाचार लिखे जाने तक निगम के विभागीय अमला समस्त आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर अपने दायित्वों पर उपस्थित रहकर निगम द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के प्रयास में जुटा हुआ है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post