काव्य संग्रह “अनुभूति” का विमोचन समारोह 17 अप्रैल को, होटल अरिंदम में देश की विशिष्ट हस्तियों की मौजूदगी में होगा भव्य समारोह

कटनी। शुक्रवार 17 अप्रैल की शाम कटनी के काव्य और साहित्य जगत के लिए यादगार बनने जा रही है। होटल अरिंदम के कांफ्रेंस हॉल में जनपरिषद के तत्वाधान में सजने जा रही साहित्य संध्या में वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि सुरेश सोनी ऋतुराज की काव्य कृति “अनुभूति” का विमोचन होगा। इस भव्य समारोह में देश के प्रतिष्ठित रचनाकार और वरिष्ठ पत्रकार शामिल होंगे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश वर्मा का सानिध्य प्राप्त होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कटनी के लोकप्रिय विधायक संदीप जायसवाल करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम की महापौर प्रीति संजीव सूरी की मौजूदगी रहेगी।

समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हो रहे देश के वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल ( भोपाल ) द्वारा काव्य कृति अनुभूति की समीक्षा प्रस्तुत की जाएगी। समारोह में जनपरिषद के संयोजक प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार रामजी श्रीवास्तव ( भोपाल ), मिसेज यूनिवर्स टाइटेनिक ब्यूटी एवं जनपरिषद की ब्रांड एंबेसडर डॉ प्रगति सेठ ( भोपाल ), कविता जगत के सशक्त हस्ताक्षर मनोहर मनोज, यशभारत के संस्थापक आशीष शुक्ला, जनपरिषद के प्रांतीय सचिव नितिन श्रीवास्तव ( भोपाल ) भी शिरकत कर रहे हैं। अन्य अतिथियों में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा और बार एसोसिएशन एवं जिला कांग्रेस के अध्यक्ष अमित शुक्ला की भी उपस्थिति रहेगी। समारोह को शानदार और यादगार बनाने तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। विमोचन और सम्मान के साथ काव्य संध्या में देश के नामी कवि अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके लिए बनारस के ओजस्वी कवि वैभव अवस्थी और लखनऊ के गीतकार दाबर रजा की सहमति प्राप्त हो चुकी है।

मिस यूनिवर्स भी होंगी शामिल

कार्यक्रम के सूत्रधार आशीष सोनी, जनपरिषद कटनी चैप्टर के अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव प्रखर, वूमन विंग की राष्ट्रीय सचिव शिल्पी सोनी, वूमन विंग की जिलाध्यक्ष सीमा चौधरी, आयोजन समिति के सदस्य साहित्यकार राजेंद्र सिंह ठाकुर एवं डॉ सुरेन्द्र राजपूत  ने बताया कि समारोह में शामिल होने मिस यूनिवर्स टाइटेनिक ब्यूटी एवं जनपरिषद की ब्रांड एंबेसडर डॉ प्रगति सेठ ने भी अपनी स्वीकृति दे दी है। समारोह में साहित्य और काव्य जगत में रुचि रखने वाले प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया जा रहा है। कटनी शहर के समस्त रचनाकारों, साहित्यकारों और कवियों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जा रहा है। समाज के सभी वर्गों के प्रमुख लोग भी साहित्य संध्या का हिस्सा बनेंगे। समारोह 17 अप्रैल को होटल अरिंदम के सभागार में अपरान्ह साढ़े 3 बजे आयोजित है।

काव्य संग्रह अनुभूति का परिचय

“काव्य संग्रह अनुभूति में शामिल रचनाएं समाज का आईना हैं। वरिष्ठ पत्रकार और कवि सुरेश सोनी ऋतुराज ने कई दशक की अपनी काव्य यात्रा के अनुभवों को अपनी कलम से संजोया और संवारा है। बदलते परिवेश में देश की राजनीति ने किस तरह करवट बदली और लोकतंत्र में सत्ता का कैसा चेहरा आम जन मानस को देखने मिला, इसको स्पर्श करने का प्रयास रचनाओं में किया गया है। समाज में व्याप्त विद्रूपताओं को सामने लाने की कोशिश में वो तमाम विषय उठाए गए हैं जो कवि मन को आहत करते हैं। आज का इंसान किन विसंगतियों से जूझते हुए जीवन यापन कर रहा है, इसे भी कविता की विषय वस्तु में शामिल किया गया है। इसके अलावा सामाजिक सरोकार, प्रेम, इंतजार, व्याकुलता, पीड़ा और जज्बातों को रचनाओं के केंद्र में लाने का प्रयास किया गया है। कुल मिलाकर यह काव्य संग्रह पाठकों की सोच और उनके विचारों को स्वर देता है।

इन प्लेटफार्मों पर भी उपलब्ध है काव्य संग्रह अनुभूति

आपको यह जानकारी देते हुए हर्षित हैं कि काव्य संग्रह “अनुभूति” अमेज़न, फ्लिपकार्ट, गूगल बुक स्टोर और बीएफसी स्टोर सहित सोशल मीडिया के प्रमुख प्लेटफार्मों पर उपलब्ध है। “अनुभूति” कविता प्रेमियों और विचारशील पाठकों के लिए पढ़ी जाने वाली पुस्तक बनेगी, ऐसा विश्वास है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *