ग्राम-ग्राम तक पहुँची पुलिस, जिलेभर में हुई पुलिस ग्राम चौपाल, सुरक्षा, साइबर अपराध व नशामुक्ति पर ग्रामीणों को किया जागरूक
कटनी। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुँच सुदृढ़ करने और जनसंवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में पुलिस ग्राम चौपाल / जन चौपाल का व्यापक आयोजन किया गया। कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना व चौकी क्षेत्रों में संपन्न हुआ।
ग्राम चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों को अपराध रोकथाम, साइबर फ्रॉड से बचाव, यातायात नियमों का पालन, नशामुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। पुलिस ने “सजग दृष्टि” योजना के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाने, ग्राम स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर त्वरित सूचना साझा करने तथा डायल-112 के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
जिले के बहोरीबंद, उमरिया पान, स्लीमनाबाद, कुठला, बाकल, बरही, माधवनगर, रंगनाथनगर, कोतवाली, एनकेजे, विजयराघवगढ़, कैमोर और रीठी सहित अनेक थाना क्षेत्रों के ग्रामों में चौपालें आयोजित की गईं। इनमें सरपंच, पंच, सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और भरोसा दिलाया कि ग्रामीण सुरक्षा एवं जनहित के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी लगातार जारी रहेंगे।








