नववर्ष के पहले ही दिन रीठी के सलैया चौकी अंतर्गत कटनी-दमोह मार्ग पर भीषण हादसा, पिकअप व बाइक मे भिड़ंत, बच्ची सहित एक ही परिवार के चार लोगो की दर्दनाक मौत
कटनी। नए वर्ष 2026 का आगज कटनी में भीषण सड़क हादसे के साथ हुआ। रीठी थाना क्षेत्र के सलैया चौकी अंतर्गत कटनी-दमोह मार्ग पर हीरापुर व बड़गांव के बीच कल गुरूवार की रात करीब 8 बजे बड़ा हादसा हो गया। दमोह से कटनी की ओर टमाटर लेकर आ रहे एक पिकअप वाहन ने मोटर साइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में ढाई साल की बच्ची सहित दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चौथे घायल ने रीठी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने स्थल पर पहुंचकर शव कब्जे में लिए। पोस्टमार्टम के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रवाना किया। घटना के कारण समूचे क्षेत्र में खलबली मच गई।
जानकारी के मुताबिक अनु पिता कोमल बसोर 32 वर्षीय, कुमारी भारती पिता अनु बसोर ढाई वर्षीय, विनोद पिता रमेश बसोर 30 वर्षीय, प्रेमलाल पिता काशीराम बसोर 32 ग्राम बगवार थाना रैपुरा जिला पन्ना निवासी एक ही परिवार के थे। कटनी के ग्राम बरजि से अपने घर वापस जा रहे थे। इसी बीच ग्राम हीरापुर व बड़ागांव के बीच टमाटर से लदे पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही बच्ची सहित दो लोगों ने दम तोड़ दिया। रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद ने बताया कि गुरूवार की देर शाम सलैया चौकी अंतर्गत कटनी-दमोह मार्ग पर हीरापुर व बड़गांव के बीच रैपुरा की ओर जा रहे मोटर साइकिल सवारों को टमाटर लेकर कटनी की तरफ आ रहे एक पिकअप वाहन ने सीधी टक्कर मारी है। मोटर साइकिल में तीन लोग सवार थे और उनके साथ आगे ढाई साल की बालिका बैठी हुई थी। दुर्घटना में दो युवकों सहित बालिका की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से वाहन लेकर भाग गया और रीठी से पहले वाहन सड़क पर खड़ा कर भाग निकला। घटना की जानकारी लगते ही सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडेय बल के साथ पहुंचे और गंभीर घायल एक युवक को एम्बुलेंस से रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया, जहां पर उसने भी इलाज के दौरान कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। दुर्घटना में मृत तीनों युवक मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते थे।








