देवरीहटाई-बछौली मार्ग पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, स्कूली बच्चों के साथ सड़क पर उतरे ग्रामीण, बदहाली पर प्रदर्शन
कटनी। कटनी जिले के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में विकास के दावों की पोल उस वक्त खुल गई, जब बदहाल सड़क से परेशान होकर सैकड़ों ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने हटाई- बछौली मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों का धैर्य गुरूवार को जवाब दे गया, जिसके बाद उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया।
कीचड़ और गड्ढों के बीच भविष्य तलाश रहे छात्र
प्रदर्शन में सबसे खास बात ये है कि संख्या में स्कूली बच्चों और कॉलेज के छात्रों की मौजूदगी रही। छात्रों का कहना है कि यह सड़क अब सड़क नहीं, बल्कि हादसों का मार्ग बन चुकी है। बारिश के दिनों में स्थिति इतनी भयावह हो जाती है कि स्कूल जाना जान जोखिम में डालने जैसा है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया, हमें कॉलेज और स्कूल पहुंचने में घंटों लग जाते हैं। कीचड़ की वजह से कई बार छात्र गिरकर चोटिल हो जाते हैं और उनके कपड़े खराब हो जाते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार देवरीहटाई बछोली मार्ग लंबे समय से अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ हासिल नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव बीतते ही जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।ग्रामीणों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं और प्रशासन होश में आओ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े रहे कि जब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आकर निर्माण कार्य शुरू करने का ठोस लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।








