अंधविश्वास का आतंक, भूत-प्रेत के डर से रुकी फसल की कटाई, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम अंतर्वेद गनियारी से अंधविश्वास और साजिश का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक किसान की तीन एकड़ में लहलहाती गेहूं की फसल सिर्फ इसलिए नहीं कट पा रही है क्योंकि क्षेत्र में खेत में ‘भूत-प्रेत’ होने की अफवाह फैला दी गई है। इस मानसिक दहशत के कारण कोई भी हार्वेस्टर संचालक खेत में मशीन उतारने को तैयार नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम अंतर्वेद गनियारी निवासी किसान चक्रेश मिश्रा की तीन एकड़ की फसल पककर तैयार है। पीड़ित किसान का आरोप है कि क्षेत्र के कुछ स्थानीय हार्वेस्टर संचालकों और उनके एजेंटों ने जानबूझकर यह भ्रामक खबर फैलाई है कि उनके खेत में ‘भूत-प्रेत’ का साया है।
यह अफवाह व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से इतनी तेजी से फैलाई गई कि बाहर से आने वाले हार्वेस्टर संचालक भी डर के मारे वापस लौट रहे हैं। किसान का कहना है कि यह साजिश उनकी फसल बर्बाद करने या उन्हें आर्थिक नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से रची गई है।
भीषण गर्मी और आग का डर
किसान चक्रेश मिश्रा ने अपनी शिकायत में भीषण गर्मी और नरवाई जलाने की घटनाओं का जिक्र करते हुए गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर फसल की कटाई नहीं हुई, तो आग लगने की स्थिति में उनकी साल भर की पूरी मेहनत खाक हो सकती है।
प्रशासनिक कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम निधि गोहल ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे को मामले में हस्तक्षेप कर तत्काल कटाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा हैं। एसडीएम ने किसान को भरोसा दिलाया है कि हार्वेस्टर संचालकों से बात कर जल्द से जल्द फसल कटवाई जाएगी। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने मीडिया को बताया कि एएसआई संतोष विश्वकर्मा को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य फसल कटवाना है, साथ ही समाज में भ्रम और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








