होली पर निगम प्रशासन से संबंधित व्यवस्थाओं को पूर्ण करानें निगमायुक्त नें अधिकारियों को सौपे दायित्व
कटनी। नगर में आगामी समय मनाए जाने वाले होलिका दहन, धुरेड़ी, भाईदूज, रंग पंचमी पर्वो पर नगर निगम प्रशासन द्वारा की जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं को तय समय पर पूर्ण करानें हेतु निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शैलेष गुप्ता, उपायुक्त को प्रभारी अधिकारी एवं जागेश्वर प्रसाद पाठक, राजस्व अधिकारी को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। निगमायुक्त ने निगम से संबंधित व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण कराने हेतु विभागीय अधिकारियों को दायित्व सौंपकर प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी के मार्गदर्शन व निर्देशन में मोबाइल फोन चालू रखते हुए विभागीय व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया है।
विद्युत शाखा
निगमायुक्त श्रीमती तपस्या परिहार ने होली पर्व पर शहर के सभी सार्वजनिक स्थलों एवं वार्डों में बंद स्ट्रीट लाइट के प्वाइंट चालू कराकर प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराने तथा परंपरागत स्थानों पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था कराने के साथ ही नगर भ्रमण कर होलिका दहन का कार्यक्रम विद्युत पोल से दूर करानें की व्यवस्था हेतु विद्युत शाखा को निर्देशित किया है।
पेयजल आपूर्ति
निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए 3 एवं 4 मार्च को पानी की अतिरिक्त सप्लाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परंपरागत स्थानों एवं मांग होने पर टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश जल प्रदाय शाखा को दिए है। वही होली पर्व में पानी की आवश्यकता एवं प्रशासन के निर्देश पर अग्नि दुर्घटनाओं पर काबू रखने के लिए पानी के टैंकर भर कर चालू हालत में रखने हेतु निर्देशित किया गया है।
साफ सफाई
नगर के सभी वार्डों विशेषकर ऐसे मुख्य मार्ग, सार्वजनिक स्थान, गली, मोहल्ला, जहां पर होली दहन का कार्यक्रम सम्पन्न होता है वहां विशेष साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग के साथ ही होलिका दहन उपरांत स्थल पर बची हुई सामग्री (राख) को उठवाने तथा होलिका स्थलों, मुख्य सड़कों, तिराहों, चैराहों में काफी धूल एवं कचरा के सफाई कार्य सहित सडक किनारे पड़े हुए पत्थरों को प्राथमिकता से हटवाने की कार्यवाही करने हेतु स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है।
उद्यान एवं फायर ब्रिगेड
होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए परंपरा अनुसार 3 एवं 4 मार्च को सुरम्य पार्क बंद रखने हेतु उद्यान विभाग को निर्देश दिए गए है वहीं अग्नि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण रखने हेतु सभी फायर बिग्रेड एवं अग्निशमन दल को 24 घंटे तैयार रहने के साथ ही 2 मार्च को सायंकाल 05 बजे से 01 फायर बिग्रेड थाना कोतवाली में एवं 01 फायर बिग्रेड थाना माधवनगर में उपलब्ध कराना कराते हुए पुलिस कंट्रोल रुम के निरंतर संपर्क में रहने हेतु प्रभारी फायर नियंत्रण अधिकारी को निर्देशित किया गया है।
लोक निर्माण शाखा
लोक निर्माण शाखा के अधिकारियो को नगर की सार्वजनिक डामरीकृत सीमेंटीकृत सड़कों पर होलिका दहन न हो सके इस हेतु संबंधित समितियों के पदाधिकारियों से संपर्क कर होली के दहन स्थल पर मिट्टी, रेत की व्यवस्था करानें के साथ ही विद्युत लाईनों के नीचे होलिका दहन प्रतिबंधित करनें की कार्यवाही करनें के निर्देश दिए है। अन्यथा की स्थिति होलिका दहन से सड़कों के क्षतिग्रस्त होने पर क्षेत्रीय वार्ड के उपयंत्री पूर्ण रुपेण जिम्मेदार होंगे।
अतिक्रमण शाखा
निगमायुक्त नें अतिक्रमण दल को होली पर्व सुरक्षा एवं सुगम आवागमन की दृष्टि से अतिक्रमण विभाग को निरंतर शहर में पेट्रोलिंग कर होलिका दहन सड़क के मध्य या विद्युत पोल के समीप न किया जाये की जांच करते हुए संबंधित समितियों के पदाधिकारियों से मिलकर सड़क के मध्य या विद्युत पोलों के किनारे होलिका दहन का कार्यकम नहीं करनें की कार्यवही के साथ ही रंग-गुलाल की दुकानों को व्यवस्थित करानें के निर्देश दिए है। निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने निगम के सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को मुख्यालय में रहकर विभागीय व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में पूर्ण कराकर अवगत करानें के साथ ही शांति समिति की बैठक के कार्यवाही विवरण का कडाई से पालन सुनिश्चित करनें के निर्देश दिए है।








