क्रेशर प्लांट के ऑफिस में घुसा तेंदुआ शावक, वन विभाग ने किया रेस्क्यू, बरही वन परिक्षेत्र के जाजागढ़ की घटना

क्रेशर प्लांट के ऑफिस में घुसा तेंदुआ शावक, वन विभाग ने किया रेस्क्यू, बरही वन परिक्षेत्र के जाजागढ़ की घटना

कटनी। कटनी के बरही एवं कैमोर क्षेत्र में तेंदुओं की चहल कदमी की आए दिन खबरें प्रकाश में आती रहती हैं। गत दिवस तेंदुए की एक ऐसी ही खबर ने समूचे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति निर्मित कर दी। दरअसल बरही वन परिक्षेत्र अंतर्गत जाजागढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महालक्ष्मी क्रेशर प्लांट के ऑफिस में तेंदुआ का नन्हा शावक घुस आया। अचानक शावक के ऑफिस में पहुंचने से कर्मचारियों में दहशत फैल गई और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि तेंदुआ का यह शावक लगभग दो माह का है, जो दोपहर करीब एक बजे जंगल से भटककर क्रेशर प्लांट परिसर में आ गया था। टीम ने शावक को सुरक्षित पकड़कर अपने संरक्षण में लिया है।

वन विभाग के अनुसार फिलहाल तेंदुआ शावक को सुरक्षित स्थान पर रखकर निगरानी की जा रही है। साथ ही उसकी मां की तलाश कर उसे प्राकृतिक वातावरण में वापस मिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रेंजर शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि शावक और आसपास के लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। शावक के मां की तलाश की जा रही है। घटना के बाद क्रेशर प्लांट परिसर और आसपास के क्षेत्र में लोगों में चर्चा का विषय बना रहा, वहीं वन विभाग की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

इनका कहना है

एसडीओ सुरेश बरोले ने कहा कि रेस्क्यू के बाद तेंदुआ शावक सुरक्षित है। उसे वहीं रखकर उसकी मां से मिलवाने का प्रयास किया जा रहा है। मां के न पहुंचने पर फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

🌟खबर से खलबली🌟 अभद्र व्यवहार एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने पर निगम अध्यक्ष ने की कड़ी आलोचना, अतिक्रमण दल को दिया पूर्ण समर्थन, अभद्रता करने वालों को बचाने में जुटे कुछ अधिकारी