जिला पंचायत सीईओ ने जनपद पंचायत बहोरीबंद कार्यालय, विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र और ग्राम पंचायतो में किया भ्रमण, देखी व्यवस्थाएं

जिला पंचायत सीईओ ने जनपद पंचायत बहोरीबंद कार्यालय, विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र और ग्राम पंचायतो में किया भ्रमण, देखी व्यवस्थाएं

कटनी। समस्त अधिकारी, कर्मचारी सर्वोच्च प्राथमिकता से कार्यालय को स्वच्छ एवं नस्तियों को सुव्यवस्थित रूप से यथा स्थान पर रखें। उपयोगी एवं आवश्यक अभिलेखों तथा सामग्री को रिकॉर्ड रूम में सुरक्षित रखने एवं अनुपयोगी सामग्री को विधि सम्मत तरीके से हटाने की कार्रवाई करें। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर यथोचित निराकरण करें। इस आशय के निर्देश जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने शुक्रवार को जनपद पंचायत बहोरीबंद कार्यालय की विभिन्न शाखाओं और कक्षों का औचक निरीक्षण करते हुए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए। श्रीमती कौर ने निर्देशित करते हुए कहा कि शौचालय एवं प्रसाधन गृह को विशेष रूप से ध्यान देते हुए प्रतिदिन साफ सफाई कर स्वच्छ रखने को कहा। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कर्मचारी कार्यालीन समय पर उपस्थित होकर समय पर कार्यालय छोड़ें। ताकि जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से सरोकार रखने वाले आवेदनों और समस्याओं का तत्परता पूर्वक निराकरण हो सके।
योजनावार शाखाओं और कक्षों का किया निरीक्षण
जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती कौर ने मनरेगा, पंचायत, स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य कक्षों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण
सीईओ ने विकासखंड बहोरीबंद की प्राथमिक शाला लखनवारा और आंगनबाड़ी केंद्र स्लीमनाबाद पहुंचकर औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता को परखने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। सुश्री कौर ने शिक्षिका बनकर विद्यार्थियों से एकाग्र होकर होमवर्क करने और नियमित रूप पढ़ाई करने को कहा। उन्होंने इस दौरान बच्चों से सवाल किए जिनका विद्यार्थियों ने सही जवाब दिया। इस पर उन्होंने छात्राओं को शाबाशी दी और प्रोत्साहन स्वरूप उपहार के रूप में पेन कॉपी भेंट की। शिक्षकों आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से भी अध्यापन कार्य को सुचारू रूप से कराए जाने के निर्देश दिए
ग्राम पंचायतों में जल संरचनाओं का किया निरीक्षण
सीईओ ने जनपद पंचायत बहोरीबंद की ग्राम पंचायतों लखनवारा, स्लीमनाबाद, कोड़ियां, बहोरीबंद में राम जानकी बावड़ी जीणोद्धार, नाला शुद्धिकरण, खेत तालाब, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सामुदायिक भवन, मां की बगिया और मुक्तिधाम आदि कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने नाला शुद्धिकरण कार्य बहोरीबंद, हितग्राही भोला का खेत तालाब और प्रेम रानी की मां की बगिया के कार्य को देखकर नाराजगी जताते हुए उपयंत्री एवं ग्राम रोजगार सहायक को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जनपद पंचायत के सीईओ अभिषेक कुमार झा, मनरेगा के परियोजना अधिकारी ऋषिराज चढ़ार, योगेंद्र कुमार असाटी, उमेश सोनी सहित सहायक यंत्री, उपयंत्री और अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post