वेंकट लाइब्रेरी में दो दिन पहले से ही वाटर कूलर एवं एसी का मरम्मत कार्य है जारी, शुद्ध पेयजल आपूर्ति अनवरत जारी, ज्ञापन को लेकर नगर निगम ने दी सफाई

कटनी। वेंकट लाइब्रेरी में वाटर कूलर, ए.सी. एवं पेयजल टंकी की सफाई को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा शुक्रवार को की गई मांग पर नगर निगम प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखकर आवश्यक कार्य त्वरित रूप से कराए जा रहे हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा नगर निगम कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन के संबंध में वेंकट लाइब्रेरी प्रभारी एवं नगर निगम के सहायक यंत्री आदेश जैन ने जानकारी दी कि लाइब्रेरी में वाटर कूलर एवं ए.सी. की समस्या की शिकायत मिलते ही दो दिवस पूर्व मरम्मत कार्य प्रारंभ करा दिया गया था। वर्तमान में भी स्थल पर सुधार कार्य जारी है, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए टंकी की नियमित साफ-सफाई कराई जाती है। लगभग 25 दिन पूर्व ही टंकी की सफाई का कार्य कराया गया था। इसके अतिरिक्त समय समय पर टैंकर के माध्यम से भी पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। वर्तमान में उपलब्ध पानी पूर्णतः शुद्ध एवं पीने योग्य है। श्री जैन ने यह भी कहा कि नगर निगम द्वारा वेंकट लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं को सुचारू एवं बेहतर बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन हेतु अनुकूल वातावरण मिल सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *