कैमोर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑपरेशन शिकंजा के तहत 72 हजार की अवैध देशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार, एक फरार

कटनी। जिले के कैमोर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन “शिकंजा” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कैमोर निरीक्षक आशीष कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम जमुवानी कला में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध युवक भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू (36 वर्ष) निवासी जमुवानी कला बताया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक कच्चे मकान की परछी में घास-फूस के पीछे छिपाकर रखी गई शराब बरामद की।
पुलिस को मौके से 14 कार्टून में 700 पाव देशी प्लेन व मसाला शराब (कुल 126 लीटर) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 72 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि यह शराब रोहित सिंह उर्फ पौहा, निवासी खलवारा बाजार कैमोर, द्वारा उसके घर में रखवाई गई थी। पुलिस ने रोहित सिंह को भी आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक दिनेश करौसिया, सहायक उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक संतोष कटारिया सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कैमोर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *