अवैध नलकूप खनन पर ढीमरखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोरिंग मशीन सहित दो ट्रक जप्त, मामला दर्ज
कटनी। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत थाना ढीमरखेड़ा पुलिस ने अवैध नलकूप खनन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बोरिंग मशीन सहित दो ट्रकों को जप्त किया है।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा अभिषेक चौबे के नेतृत्व में 10 अप्रैल 2026 को यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुड़ा में बिना अनुमति के रोटरी बोर मशीन के जरिए अवैध नलकूप खनन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक 10 चक्का ट्रक क्रमांक KA 51 MA 3375, अशोक लीलैंड में बोरिंग मशीन लगाकर खनन कार्य किया जा रहा था। वहीं पास में एक अन्य सपोर्ट ट्रक क्रमांक KA 45 AH 2812 भी खड़ा मिला। मौके पर मौजूद चालक प्रिया स्वामी (40 वर्ष), निवासी तमिलनाडु से जब बोरिंग की अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जिला मजिस्ट्रेट कटनी के आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों ट्रकों को जप्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। आरोपियों के खिलाफ
धारा 223, 3(5) बीएनएस तथा मध्य प्रदेश पेयजल परीक्षण अधिनियम 2022 की धारा 6, 9 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सहायक उपनिरीक्षक विजयेन्द्र कुमार तिवारी, प्रधान आरक्षक मनोज ठाकुर, आरक्षक रंजीत गंधर्व सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। कटनी पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है, जिससे जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।








