बड़वारा पुलिस की कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन करते चार डंपर जब्त, तीन पर लगा था भाजपा का चुनाव चिह्न
कटनी। जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। बड़वारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए अवैध रेत से लदे चार डंपरों को जब्त किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जब्त किए गए चार वाहनों में से तीन पर सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनाव चिह्न ‘कमल का फूल’ बना पाया गया है।
दो अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि बसाडी और सकरीगढ़-सलना मार्ग के बीच बड़े पैमाने पर अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों मार्गों पर घेराबंदी की। पुलिस ने वाहन क्रमांक MP 21 G 0960 और MP 21 G 2886 को रोका। जाँच के दौरान चालक रेत से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या रॉयल्टी रसीद पेश नहीं कर सके। सकरीगढ़-सलना मार्ग पर पुलिस ने वाहन क्रमांक MP 21 G 0775 और MP 21 G 1337 को पकड़ा। यहाँ भी अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा था।
राजनीतिक कवच’ का उपयोग?
पकड़े गए चार डंपरों में से तीन पर भाजपा का चुनाव चिह्न अंकित होने से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि खनन माफिया पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई से बचने के लिए अक्सर अपने वाहनों पर राजनीतिक दलों के प्रतीकों का इस्तेमाल करते हैं, ताकि चेकिंग के दौरान उन पर दबाव न बनाया जा सके।
खैरभार खदान से कटनी जा रही थी रेत
प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये चारों वाहन खैरभार खदान से रेत भरकर कटनी शहर की ओर जा रहे थे। पुलिस ने सभी डंपरों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है और अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है।








