निर्माणाधीन चौपाटी पहुंचीं महापौर, कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निर्माणाधीन चौपाटी पहुंचीं महापौर, कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कटनी। शहर के बहुप्रतीक्षित चौपाटी निर्माण कार्य को गति देने एवं क्षेत्रीय व्यवस्थाओं का जायजा लेने बुधवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी ने एमआईसी सदस्यों एवं निगम अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, व्यवस्थाओं एवं स्थल की समग्र स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि चौपाटी निर्माण पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र शहरवासियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा, इसलिए कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, उपयंत्री संजय मिश्रा, अतिक्रमण प्रभारी मनेंद्र सिंह बघेल सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी अधिकारियों से ली तथा कार्य को और अधिक तेजी से किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य के दौरान यातायात एवं आसपास की व्यवस्थाएं भी सुचारु रूप से बनाए रखना आवश्यक है।
इस दौरान उन्होंने स्थल पर स्थित पुराने कुएं का भी अवलोकन किया। कुएं में पानी नहीं होने की स्थिति को देखते हुए उन्होंने उसकी साफ-सफाई कराकर उसे वाटर हार्वेस्टिंग संरचना के रूप में विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। महापौर श्रीमती सूरी ने चौपाटी क्षेत्र में व्यवसाय करने वाले फूल-माला विक्रेताओं से भी चर्चा की तथा निर्माण कार्य के दौरान दुकानों को व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित करने एवं कार्य में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की व्यवस्थाएं पहले से अधिक बेहतर एवं व्यवस्थित स्वरूप में विकसित की जाएंगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post