घर के बाहर गांजा बेच रही महिला गिरफ्तार, आधा किलो मादक पदार्थ बरामद
कटनी। नशामुक्त अभियान के तहत कटनी पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में बड़वारा पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम मझगवाँ में दबिश देकर एक महिला को अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला अपने घर के सामने ही अवैध रूप से नशीले पदार्थ का कारोबार कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, बड़वारा थाना पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि ग्राम मझगवाँ में एक महिला अवैध रूप से गांजे की खेप के साथ मौजूद है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर तत्काल ग्राम मझगवाँ के लिए रवाना की गई।
पुलिस टीम ने जब ग्राम मझगवाँ में बताए गए स्थान पर दबिश दी, तो वहां एक 42 वर्षीय पति महिला पुलिस को देखकर सकपका गई। महिला की संदेहपूर्ण गतिविधियों को देखते हुए जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 497 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 6,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। बड़वारा पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि महिला यह गांजा कहां से लाती थी और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।








