दूसरे दिन भी जारी रही परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, बिना परमिट-फिटनेस 9 वाहनों को किया जब्त, नियमों की अव्हेलना करने वालों को सिखाया सबक

कटनी। जिले में परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश एवं मार्गदर्शन में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल द्वारा आज दूसरे दिन भी सघन जांच अभियान चलाया गया।
बुधवार को कटनी–कैमोर रोड पर चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क से गुजर रहे वाहनों की बारीकी से जांच की गई। जांच में दो दर्जन से अधिक वाहनों को चेक किया गया, जिनमें से 9 वाहनों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इनमें से 5 वाहनों को थाना कुठला में सुरक्षित रखा गया, जबकि 4 वाहनों को थाना कैमोर में खड़ा कराया गया। इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।
बिना परमिट ट्रक जब्त, बसों पर भी शिकंजा
अभियान के दौरान एक ट्रक बिना वैध परमिट के संचालित पाया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। वहीं दो यात्री बसें बिना परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और टैक्स के संचालित होती मिलीं, जिन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें थानों में सुरक्षित रखा गया।
ओवरलोडिंग पर भी सख्ती
जांच के दौरान कई वाहनों में निर्धारित सीमा से अधिक भार पाया गया। ओवरलोडिंग को गंभीर मानते हुए ऐसे वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई और उन्हें जब्त किया गया। आरटीओ अधिकारी श्री पॉल ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और सड़कें भी क्षतिग्रस्त होती हैं। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने कहा कि जिले में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की कि वे बिना परमिट, बिना फिटनेस और बिना टैक्स के वाहन न चलाएं तथा ओवरलोडिंग से बचें। अभियान के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की कतार लगी, लेकिन आम नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से साफ है कि जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *