विजयराघवगढ़ पुलिस ने दो गांजा तस्करों को दबोचा, 3 किलो 700 ग्राम गांजा सहित आरोपी गिरफ्तार

कटनी। जिले के विजयराघवगढ़ पुलिस ने नारकोटिक्स एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों से 03 किलो 700 ग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों से गांजा जब्त किया। पहले आरोपी भोला चौधरी से 1 किलो 600 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जबकि दूसरे आरोपी रंजेश पारधी से 2 किलो 100 ग्राम गांजा जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रीतेश शर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








