अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कसा शिकंजा, दो मामलों में 270 लीटर शराब और लग्जरी कार जब्त
कटनी। कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी एवं विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन शिकंजा के तहत एक साथ दो मामलों में सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुल 270 लीटर देशी शराब (कीमत लगभग 1.60 लाख रुपये) और एक लग्जरी एर्टिगा कार (कीमत करीब 12 लाख रुपये) की जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह सफलता हासिल की।अल्फर्टगंज में घर से भारी मात्रा में शराब बरामद
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अल्फर्टगंज क्षेत्र में छापा मारकर आरोपी सत्यम जायसवाल (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके घर की बाड़ी से 15 कार्टून देशी शराब (कुल 135 लीटर, कीमत 80 हजार रुपये) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पर पहले से ही विभिन्न थानों में 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एर्टिगा कार से हो रही थी शराब तस्करी
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने बैलट घाट के पास खड़ी एक संदिग्ध एर्टिगा कार से 135 लीटर देशी शराब बरामद की। पुलिस को देखते ही कार चालक फरार हो गया, जबकि एक विधि उल्लंघनकारी बालक को मौके से पकड़ा गया। कार (MP 21 ZG 7198) और शराब को जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपी पवन पाठक की तलाश जारी है। बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, चौकी प्रभारी किशोर द्विवेदी सहित कोतवाली पुलिस टीम के कई जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








