ध्यान रखें कि किसानों को उनकी जरूरत का उर्वरक उपलब्ध हो, कलेक्‍टर श्री यादव ने की उर्वरक उपलब्‍धता और वितरण की समीक्षा, सभी एसडीएम और कृषि अधिकारियों को दिये निर्देश

ध्यान रखें कि किसानों को उनकी जरूरत का उर्वरक उपलब्ध हो, कलेक्‍टर श्री यादव ने की उर्वरक उपलब्‍धता और वितरण की समीक्षा, सभी एसडीएम और कृषि अधिकारियों को दिये निर्देश

कटनी। कलेक्‍टर दिलीप कुमार यादव ने सभी एसडीएम और कृषि, सहकारिता और मध्‍यप्रदेश विपणन संघ के अधिकारियों को ताकीद किया है कि जिले में उपलब्‍ध उर्वरक की उचित वितरण व्‍यवस्‍‍था सुनिश्चित करते हुये किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से निरंतर संवाद करें और उनके संपर्क में रहें। उर्वरक वितरण व्‍यवस्‍था की पुख्‍ता निगरानी की जाय और यह सुनिश्चित किया जाय कि किसानों को उनकी जरूरत का उर्वरक उन्‍हें उपलब्‍ध हो सके। कलेक्‍टर श्री यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे डबल लॉक, पैक्‍स और निजी विक्रय केन्‍द्रों का आकस्मिक सत्यापन करने के साथ उनकी गहन मॉनिटरिंग भी करें। कलेक्‍टर श्री यादव ने कृषि, सहकारी बैंक, विपणन संघ के अधिकारियों को संबंधित क्षेत्र के एसडीएम के सतत संपर्क में रहकर उर्वरक वितरण व्‍यवस्‍था पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। जिले में नीम कोटेड यूरिया सहित सभी प्रकर के उर्वरकों का पर्याप्‍त भंडार उपलब्‍ध है। सभी किसानों को जरूरत के मुताबिक उर्वरक मुहैया कराई जायेगी।
गुरूवार को आयेगी उर्वरक की एक और रैक
बैठक में चर्चा के दौरान उपसंचालक कृषि डॉ. आरएन पटेल ने बताया कि गुरूवार तक जिले के लिए 490 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया की एक और खेप झुकेही रैक प्वाइंट पर आ जायेगी।
करें सख्‍त कार्रवाई
कलेक्‍टर श्री यादव ने अधिकारियों को सख्‍त निर्देश दिये है कि उर्वरक की कालाबाजारी, अवैध परिवहन, अवैध भंडारण, टैगिंग और नकली उर्वरक विक्रेताओं और इस कार्य में संलिप्‍त लोगों के विरूद्ध सख्‍त कार्यवाही की जाय। जिले में अब तक 6 उर्वरक विक्रेताओं के लायसेंस निरस्‍त किये गये हैं और 1 विक्रेता के विरूद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
बरतें पूरी पारदर्शिता
कलेक्‍टर श्री यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्वरक वितरण व्यवस्‍था में पूरी तरीके से पारदर्शिता सुनिश्चित की जाय। बेहतर से बेहतर वितरण व्‍यवस्‍था किया जाय ताकि सभी किसानों को उर्वरक की उपलब्‍धता सुनिश्चित हो सके। उन्‍होंने इस कार्य से पटवारियों और ग्रामीण कृषि विस्‍तार अधिकारियों सहित जरूरत के मुताबिक अन्‍य मैदानी अमले की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए।
उन्‍होंने अधिकारियो को हिदायत दी कि वे उर्वरक उपलब्‍धता और वितरण से संबंधित जानकारियों से स्‍थानीय जनप्रतिनिधियों और किसान संगठनों के पदाधिकारियों को अवश्‍य अवगत करायें।।इसके अलावा कलेक्‍टर श्री यादव ने अधिकारियों को नरवाई प्रबंधन के लिए उपयोगी कृषि यंत्र हैप्‍पी सीडर और सुपर सीडर के उपयोग हेतु किसानों को प्रोत्‍साहित करने, अनुदान पर कृषि यंत्र खरीदने सहित फसल बीमा एवं पंजीयन प्रक्रिया के संबंध में भी कार्यवाही करने की हिदायत दी। बैठक में अपर कलेक्‍टर नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, एसडीएम बहोरीबंद राकेश कुमार चौरसिया, एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्‍ता, एसडीएम ढीमरखेड़ा निधि सिंह गोहल, उपसंचालक कृषि डॉ. आर एन पटेल, जिला विपणन अधिकारी अमित तिवारी और सहायक आयुक्‍त स‍हकारिता राज्‍यवर्धन कुरील सहित अन्‍य अधिकारी मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

🌟गैंबलरों का जाल🌟 करोड़ों का ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट बेनकाब, कर्मचारी के नाम पर फर्जी खाते खुलवाकर करोड़ों का खेल, कपड़ा व्यापारी सहित 3 गिरफ्तार, कटनी से कांकेर तक फैला था सट्टा नेटवर्क