रातभर चली कटनी पुलिस की सघन कॉम्बिंग गश्त, 112 से अधिक वारंट तामील, कई ठिकानों पर दबिश
कटनी। कटनी में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में 19-20 मार्च की दरमियानी रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया।
जिले के चारों अनुभागों में डीएसपी के नेतृत्व में चले इस अभियान में थाना व चौकी प्रभारियों सहित पुलिस बल ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान 112 से अधिक वारंट तामील किए गए, जिनमें 29 स्थायी वारंट, 54 गिरफ्तारी वारंट, 29 जमानती वारंट एवं 52 समंस शामिल हैं।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान 45 से अधिक गुंडा बदमाशों एवं 50 से अधिक निगरानी बदमाशों की जांच कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया। अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किए गए, वहीं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 2 वाहनों को जब्त किया गया। इसके अलावा शांति भंग की आशंका पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत 6, धारा 126 व 135 के तहत 98 तथा धारा 129 के तहत 17 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों सहित होटल, ढाबा व लॉज में सघन जांच की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।








