हत्या की वारदात घटित करने के बाद हो गया था फरार, 7 साल से पुलिस को थी तलाश, 10 हजार का इनाम था घोषित, पहचान बदलकर मुंबई में छिपा था बदमाश, बरही पुलिस ने दबोचा
कटनी। हत्या के मामले में विगत 7 वर्ष से फरार 10 रूपये के इनामी बदमाश को बरही पुलिस में महाराष्ट्र मुंबई से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़ा गया आरोपी राजाराम तिवारी पुलिस को चकमा देते हुए पहचान और भेष बदल कर मुंबई (महाराष्ट्र) में रह रहा था।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को फरार एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ हेतु विशेष निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी बरही निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में बरही पुलिस टीम ने यह उल्लेखनीय कार्यवाही की पुलिस के मुताबिक 4 जुलाई 2018 को बरही थाने में अपराध क्रमांक 329/2018, धारा 302, 147, 148, 149, 294, 323, 324, 506 भा.दं.वि. के तहत हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जिन सभी को आजीवन कारावास की सजा हुई है। प्रकरण में छठवां आरोपी राजाराम तिवारी पिता रामाधार तिवारी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरा थाना बरही, जिला कटनी घटना के बाद से फरार था। आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर छिपता रहा और सात वर्षों से फरार चल रहा था। आरोपी पर समय-समय पर इनाम की घोषणा की गई, जो वर्तमान में 10 हजार निर्धारित थी। बरही पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी बीच बरही पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों की मदद से जानकारी प्राप्त हुई की आरोपी मुंबई में पहचान छिपाकर भेष बदलकर कार्य कर रहा है। बरही पुलिस की टीम ने मुंबई पहुँचकर दबिश दी और आरोपी राजाराम तिवारी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। संपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक शैलेंद्र सिंह यादव थाना प्रभारी बरही, चौकी प्रभारी खितौली ऋषभ सिंह बघेल, आरक्षक अंकित बढ़गैया, दिलीप कोल, अजय साइबर सेल कटनी, सैनिक बृजेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








