जनगणना 2027 को लेकर ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज का प्रथम चरण का प्रशिक्षण सम्पन्न
कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में जिला कटनी में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण भोपाल से आए सहायक निदेशक सुधीर कुमार एवं जिला प्रभारी कटनी दीपिका कुमारी द्वारा प्रदान किया गया। इसमें जनगणना की कार्ययोजना, समय-सीमा तथा प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि, जनगणना दो चरणों में सम्पन्न होगी। प्रथम चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं आवासीय इकाइयों की गणना की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण फरवरी–मार्च 2027 में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा में ही पूर्ण किया जाएगा, इसमें किसी प्रकार के विस्तार का प्रावधान नहीं है। प्रशिक्षण में जानकारी दी गई कि जनगणना 2027 में डिजिटल माध्यमों का व्यापक उपयोग किया जाएगा। स्व-जनगणना पोर्टल (Self Enumeration Portal) तथा मोबाइल एप (HLO App) के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जाएगा। साथ ही हाउस लिस्टिंग ब्लॉक क्रिएटर (HLBC) वेब पोर्टल के माध्यम से मकानसूचीकरण ब्लॉकों का निर्माण किया जाएगा। जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली के अंतर्गत वेब पोर्टल के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी।
जिला स्तर पर नियुक्त अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, सुपरवाइजर, फील्ड ट्रेनर्स एवं अन्य संबंधित कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर आयुक्त, नगर निमग कटनी तपस्या परिहार जिला स्तरीय अधिकारीगण, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित रहें। कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि, जनगणना विश्व के सबसे बड़े प्रशासनिक कार्यों में से एक है। इस बार डिजिटल साधनों के उपयोग से आंकड़े अधिक सटीक एवं पारदर्शी होंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूर्ण जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ कार्य करने का आग्रह किया, ताकि जिले में जनगणना का कार्य सुचारू एवं समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके।








