ससुर और साले ने दामाद पर किया जानलेवा हमला, दनादन चलाए चाकू, तमाशा बीन बनी रही भीड़, दिनदहाड़े बस स्टैंड चौकी के समीप की घटना
कटनी। शहर के सबसे व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस चौकी से कुछ कदमों की दूरी पर आज शुक्रवार दोपहर ससुर और साले ने मिलकर दामाद पर दनादन चाकू से वार कर दिया। भीड़भाड़ भरे इलाके में दनादन चली चाकू में लहूलुहान हुए दामाद को घटना के तुरंत बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक चंदिया जिला उमरिया निवासी 32 वर्षीय लव कुशवाहा का ससुराल पक्ष से बीते कुछ महीनो से विवाद चल रहा था। विवाद के कारण लव की पत्नी कटनी स्थित अपने मायके में आकर रह रही थी। बताया जाता है कि आज लव किसी काम से कटनी आया था। इसी बीच वह बस स्टैंड स्थित अपने ससुर की होटल पर जा पहुंचा। विवाद को लेकर होटल में ससुर और दामाद के बीच बातचीत हो ही रही थी कि बातचीत ने उग्र रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते विवाद इस कदर बढ़ा की ससुर रामदास कुशवाहा एवं साले छोटू कुशवाहा ने लव पर हमला कर दिया। मारपीट करते हुए ससुर और साले ने दामाद पर दनादन चाकुओं से वार कर दिया। खून से लथपथ लव जमीन पर धराशाई होकर गिर पड़ा घटना की जानकारी मिलते ही बस स्टैंड चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल गंभीर रूप से घायल लव को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।








