अवैध प्लाटिंग के प्रकरणों पर निगम प्रशासन सख्त रुख, दो अवैध प्लाटिंग पर चली नगर निगम की जेसीबी मशीन, ट्रांसपोर्ट नगर एवं साईं मंदिर के पीछे की गई कार्रवाई

अवैध प्लाटिंग के प्रकरणों पर  निगम प्रशासन सख्त रुख, दो अवैध प्लाटिंग पर चली नगर निगम की जेसीबी मशीन, ट्रांसपोर्ट नगर एवं साईं मंदिर के पीछे की गई कार्रवाई

कटनी। नगर निगम क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। निगम अमले ने शुक्रवार को नगर के दो स्थानों पर संचालित अवैध प्लाटिंग पर जेसीबी मशीन चलाकर निर्माण कार्यों को ध्वस्त किया। इस दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित कालोनी सेल एवं अतिक्रमण अमले की उपस्थिति रही। कालोनी सेल अधिकारी एवं कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने बताया कि निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बाल गंगाधर तिलक वार्ड के दो स्थलों ट्रांसपोर्ट नगर एवं साईं मंदिर के पीछे की गई इस कार्रवाई में बिना अनुमति विकसित किए जा रहे प्लॉटों को चिन्हित कर मौके पर पहुंची टीम ने निर्मित अवैध संरचनाओं को हटाने की कार्यवाही की।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध स्वीकृति के किसी भी प्रकार की प्लाटिंग करना नियमों के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान संबंधित भू-मालिकों को पूर्व में नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कदम उठाया गया। निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूमि या प्लॉट की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। निगम प्रशासन ने यह भी बताया कि शहर में अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post