हत्या के प्रयास के मामले में स्लीमनाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, चार ने किया सरेंडर

Oplus_16908288

हत्या के प्रयास के मामले में स्लीमनाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, चार ने किया सरेंडर

कटनी। स्लीमनाबाद थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में गंभीर अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डहेरिया एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुदेश कुमार और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने खेत का निरीक्षण करने गया था। इस दौरान उसने देखा कि खेत में लगे सागौन के पेड़ काट दिए गए हैं। वह इसकी वीडियो बना रहा था तभी राजभान यादव वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। शोर सुनकर उसके पुत्र पप्पू यादव, लालू यादव, अंतु उर्फ अमित यादव और सचिन यादव भी ट्रैक्टर से मौके पर पहुंचे और विवाद में शामिल हो गए। आरोप है कि पप्पू यादव ने लोहे की रॉड से हमला कर फरियादी को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची फरियादी की मां सीता कनौजिया एवं पिता जीवनदीन कनौजिया पर भी आरोपियों ने हमला किया। राजभान यादव ने सब्बल से हमला किया, जबकि पप्पू यादव ने कुल्हाड़ी से वार कर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मामले में थाना स्लीमनाबाद में अपराध क्रमांक 257/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने लगातार तलाश के बाद मुखबिर की सूचना पर ग्राम खिरहनी के समीप खेत से मुख्य आरोपी राजभान यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं अन्य आरोपी संदीप यादव उर्फ पप्पू, सचिन यादव, लालू यादव एवं अंतु उर्फ अमित यादव ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उनका रिमांड प्राप्त कर पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश कुमार, उपनिरीक्षक सौरभ सोनी, प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल, शेख यूसुफ, लखन पटेल, आरक्षक विवेक झारिया तथा साइबर सेल के आरक्षक अजय साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post