नागरिकों और स्कूली छात्र-छात्राओं के सुगम आवागमन, सुरक्षित सफर हेतु निगम प्रशासन की पहल, मुख्य मार्गों और स्कूलों के सामने लगाए जा रहे स्पीड ब्रेकर

कटनी। नागरिकों की सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों एवं स्कूलों के सामने स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत अब तक शहर के विभिन्न मार्गों में लगभग 23 स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य कराया जा चुका है। यह कार्य अनवरत रूप से जारी है।
इन मार्गों में लगे स्पीड ब्रेकर
निगम प्रशासन द्वारा अब तक शहर के विभिन्न मार्गों मैहर रोड पुरैनी, ट्रांसपोर्ट नगर कुठला, कुठला थाना, इंदिरा नगर पन्ना तिराहा, कृषि उपज मंडी, नदी पार श्मशान घाट मोड, जगन्नाथ चौक, नगर निगम कार्यालय के सामने, सहित स्कूली क्षेत्र सीक्रेट हार्ट स्कूल के सामने बस स्टैंड, सेंट पाल स्कूल के सामने सिविल लाइन, पाठक वार्ड सी एल पी स्कूल मार्ग एवं कुंदन दास स्कूल माधव नगर सहित नगर के अन्य विभिन्न मार्गों में स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
गति नियंत्रण से दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक
नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य तेज गति से चलने वाले वाहनों पर नियंत्रण कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। विशेष रूप से व्यस्त मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने से वाहन चालक गति धीमी करेंगे, जिससे पैदल चलने वाले नागरिकों को सुरक्षित आवागमन में सुविधा होगी।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा प्राथमिकता
इस अभियान में स्कूलों के सामने वाले मार्गों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। स्कूली समय में बच्चों के आने-जाने के दौरान तेज वाहनों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए संबंधित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर स्थापित किए जा रहे हैं।
इससे अभिभावक और शिक्षक भी निश्चिंत होकर बच्चों को स्कूल भेज सकेंगे।
सुगम एवं सुरक्षित आवागमन का संकल्प
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि नागरिकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। आगे भी सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की दृष्टि से नगर के संवेदनशील स्थानों का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे। निगम ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति से वाहन चलाएं और इस पहल में निगम प्रशासन का सहयोग करें।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *