बाल मित्रों को बहोरीबंद पुलिस ने कराया थाने का भ्रमण, पुलिस की कार्यशैली और कानून के विषय में दी जानकारी
कटनी। मासूम स्कूली बच्चों के मन से पुलिस का भय खत्म करने और उनके अंदर सहयोग की भावना को पैदा करने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर आज बहोरीबंद पुलिस ने स्कूली बच्चों को थाने का भ्रमण कराते हुए उन्हें पुलिस की कार्यवाही के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
बातचीत करते हुए बहोरीबंद थाना प्रभारी अखिलेश दहिया ने बताया कि बाल मित्र योजना के तहत आज बहोरीबंद की इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्र-छात्राओं को थाने का भ्रमण कराया गया। वर्तमान में बढ़ रहे साइबर संबंधी अपराध, गुड टच, बेड टच, नवीन आपातकालीन सेवा 112 के बारे में जानकारी दी गई, इसी के साथ-साथ छात्रों को नवीन अपराधिक अधिनियम, बाल विवाह उन्मूलन, पास्को एक्ट के अपराधों के संबंध में भी पूरी तरह बताया गया। भ्रमण के दौरान लगभग एक सैकड़ा स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बच्चों का मन बेहद कोमल होता है। पुलिस को वे अपना मित्र समझे और कभी विपरीत परिस्थिति में वे पुलिस से मदद मांगने में जरा भी ना हिचके, इस बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर बच्चों को थाने का भ्रमण कराया गया है।








