बेटे के बाद अब पिता पर हुआ चाकू से हमला, नदीपार क्षेत्र में चाकूबाजी, घायल को पहुंचाया गया अस्पताल
कटनी। कोतवाली थानांतर्गत बस स्टैंड चौकी क्षेत्र के नदीपार में रविवार शाम लगभग 8 बजे पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी की घटना सामने आई ह। हमले में 54 वर्षीय रमेश अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार घायल रमेश अहिरवार निवासी नदी पार पर सूजल अहिरवार, ओम कचेर और दीपक कचेर ने पुरानी रंजिश के चलते अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने धारदार चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूत्रों के अनुसार, लगभग एक माह पूर्व आरोपियों ने देवेंद्र अहिरवार पर भी हमला किया था। वहीं आज रविवार को देवेंद्र अहिरवार के बाद उसके पिता रमेश अहिरवार पर भी चाकू से हमला किया गया। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।








