शिवाजी नगर में बाक्साइड लोड ट्रक मकान में घुसा, बड़ी घटना टली, एलएनटी की आड़ में सक्रिय हो गए क्षेत्र में खनन माफिया, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना
कटनी। शहरी क्षेत्र के शिवाजी नगर गली नम्बर 17 में बीती रात एक बाक्साइड लोड ट्रक 40 फीट की दीवाल तोड़कर मकान में घुस गया, जिससे पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय मकान खाली था, वरना इस हादसे में परिवार को बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक अभी भी मौके पर पड़ा हुआ है।
रेलवे लाइन के कार्य से अवैध उत्खनन बढ़ा
बताया जाता है कि दमोह एंड पर रेलवे की चौथी लाइन का कार्य ठेका कंपनी एलएनटी द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें हजारों टन बाक्साइड खपाया जा रहा है। इसी मांग के चलते खनन माफियाओं के द्वारा शहर से लगी खनिज संपदा को दिन रात ढोया जा रहा है, एलएनटी द्वारा स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को ताक़ पर रख कर काम कराया जा रहा है इसी का नतीजा है इस तरह की दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही है। इससे पूर्व में इसी एरिये में कंपनी की हद दर्जे की लापरवाही के चलते करंट लगने से एक श्रमिक की मौत हो चुकी है। क्षेत्र में अवैध उत्खनन और लापरवाहियों के कारण आए दिन घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। गत रात्रि भी जो कुछ हुआ वह कुछ इसी तरह की लापरवाहियों को उजागर करता है। आपको बता दे कि इन दिनों कुठला थाना क्षेत्र में अवैध उत्खनन जोर शोर से चल रहा है। एलएनटी के कामों की आड़ लेकर बड़े पैमाने पर आधा दर्जन से अधिक खनन माफिया सक्रिय हो चुके हैं।








