ननि के उपयंत्री शैलेंद्र प्यासी का निलंबन बहाल, कमिश्नर ने दी चेतावनी, वरिष्ठ पार्षद मिथिलेश जैन से हुआ था बीते दिनों विवाद

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी के उपयंत्री शैलेंद्र प्यासी को नगर निगम कमिश्नर तपस्या परिहर के द्वारा तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिया गया है। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार  ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किए है। हालांकि, यह बहाली विभागीय जांच के अधीन रहेगी।

यह था मामला

दस्तावेजों के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 को आयोजित ‘लोक निर्माण एवं उद्यान समिति’ की बैठक के दौरान उपयंत्री शैलेंद्र प्यासी पर समिति सदस्य और पार्षद मिथिलेश जैन के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा था। आरोप था कि उन्होंने पार्षद से तेज आवाज में बात की और अनुशासनहीनता की, जिसे सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना गया।

यह था घटनाक्रम

विगत 5 जनवरी 2026 को अनुशासनहीनता के चलते शैलेंद्र प्यासी को निलंबित किया गया था। 4 फरवरी 2026 को उन्हें कारण बताओ नोटिस और आरोप पत्र जारी कर जवाब मांगा गया। 10 फरवरी 2026 को उपयंत्री ने अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया और निलंबन समाप्त करने का अनुरोध किया। गत 20 फरवरी 2026 को आयुक्त ने उनके आवेदन पर विचार करते हुए उन्हें भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न करने की कड़ी चेतावनी दी और सेवा में वापस ले लिया।

विभागीय जांच रहेगी जारी

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन भले ही समाप्त कर दिया गया हो, लेकिन उनके विरुद्ध चल रही विभागीय जांच जारी रहेगी। स्थापना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे जांच संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित करें। इस आदेश की प्रति महापौर, निगम अध्यक्ष और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। आपको बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद एडवोकेट मिथिलेश जैन एवं उप यंत्री शैलेंद्र प्यासी के बीच नगर निगम में हुए विवाद के बाद विगत दिवस भी न्यायालय परिसर में विवाद की खबरें सामने आई थी, हालांकि इन सभी घटनाक्रमों के दौरान उपयंत्री शैलेंद्र प्यासी ने मीडिया के सामने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *