भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी, 24 को भोपाल में होगा कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने लिया भाजपा सरकार को आड़े हाथ

कटनी। जिला कांग्रेस कमेटी ने आज प्रेस वार्ता में देश और प्रदेश से जुड़े कई गंभीर जनहितैषी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए तीखा हमला बोला और जवाबदेही तय करने की मांग की।

भारत–अमेरिका ट्रेड डील पर सवाल

प्रेस वार्ता की शुरुआत भारत–अमेरिका ट्रेड डील के मुद्दे से हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह समझौता देशहित के बजाय अमेरिकी दबाव में किया जा रहा प्रतीत होता है। इससे किसानों, लघु उद्योगों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को नुकसान हो सकता है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि भारत की आर्थिक नीतियाँ स्वदेशी हितों के अनुरूप होनी चाहिए, न कि किसी बाहरी दबाव में।

छिंदवाड़ा कफ सिरप मामला, इस्तीफे की मांग

छिंदवाड़ा में कथित रूप से कफ सिरप सेवन से हुई दुखद घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कांग्रेस ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। नेताओं ने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता और स्वास्थ्य व्यवस्था पर नियंत्रण सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसमें लापरवाही अक्षम्य है।

इंदौर दूषित जल कांड प्रशासनिक लापरवाही

इंदौर के भगीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जल पीने से 35–40 लोगों की मौत को कांग्रेस ने गंभीर प्रशासनिक विफलता बताया। इस मामले में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और संबंधित नगर प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की गई। कांग्रेस ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार का मूल कर्तव्य है।

सेना और महिला सम्मान से जुड़ा बयान निंदनीय

प्रेस वार्ता में मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर कथित आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग की कड़ी निंदा की गई। कांग्रेस ने इसे भारतीय सेना, महिला सम्मान और राष्ट्र की गरिमा से जुड़ा विषय बताते हुए तत्काल कार्रवाई और इस्तीफे की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष पर टिप्पणी की निंदा

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के प्रति पूर्व में की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को भी कांग्रेस ने अस्वीकार्य बताया। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वीकार्य हैं, लेकिन व्यक्तिगत और असम्मानजनक टिप्पणियाँ किसी भी सूरत में उचित नहीं हैं।

मोहन सरकार पर विफलता का आरोप

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्तमान मोहन सरकार प्रदेश को सुचारु रूप से संचालित करने में असफल साबित हो रही है। प्रशासनिक संवेदनशीलता और जवाबदेही का लगातार अभाव नजर आ रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

24 फरवरी को भोपाल में बड़ा आंदोलन

इन सभी मुद्दों को लेकर 24 फरवरी को भोपाल में किसान चौपाल एवं विधानसभा घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व शामिल होगा। कार्यक्रम को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी संबोधित करेंगे।

कटनी से सैकड़ों कांग्रेसजन होंगे शामिल

जिला कांग्रेस कमेटी ने बताया कि कटनी जिले से सैकड़ों कांग्रेसजन भोपाल पहुँचकर विधानसभा घेराव में भाग लेंगे और किसानों, युवाओं, मजदूरों व आम नागरिकों के अधिकारों की आवाज बुलंद करेंगे।

जनता के अधिकारों की लड़ाई

कांग्रेस ने दो टूक कहा कि यह लड़ाई किसी दल की नहीं, बल्कि जनता के अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई है, जिसे लोकतांत्रिक तरीके से पूरी मजबूती के साथ लड़ा जाएगा।

प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, महिला अध्यक्ष रजनी वर्मा सहित राकेश जैन कक्का, रामनरेश त्रिपाठी, राजा जगवानी, मंगल सिंह, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, जितेंद्र गुप्ता, प्रशांत जायसवाल, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, अशोक बहलानी, अभय खरे, सुशील जायसवाल, अभिषेक गोलू, हर्षित मिश्रा एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *