समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त ने की लंबित प्रकरणों की समीक्षा, शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों में गति लाने के दिए निर्देश

समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त ने की लंबित प्रकरणों की समीक्षा, शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों में गति लाने के दिए निर्देश

कटनी। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने निगम कार्यालय में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक के दौरान नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के लंबित प्रकरणों एवं शासकीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिक योजनाओं एवं नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक के दौरान उपायुक्त शैलेष गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, अंशुमान सिंह, असित खरे राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संकल्प से समाधान अभियान को दें गति

निगमायुक्त द्वारा संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा के दौरान प्राप्त कुल आवेदनों की समीक्षा कर दल प्रभारियों को अभियान में रूचि लेकर डोर टू डोर नागरिकों से संपर्क कर आवेदनों प्राप्त करने में गति लाने तथा पी.एम.स्वनिधि योजना सहित निगम के माध्यम से संचालित अन्य शासकीय योजनाओं के आवेदन लिये जाकर पात्र नागरिकों को लाभान्वित करने  हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

शुद्ध जलापूर्ति की हो सतत निगरानी

निगमायुक्त ने जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि नागरिकों को रोजाना शुद्ध पेयजल की आपूर्ति किये जाने हेतु जलापूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी की जाना सुनिश्चित हो। निगमायुक्त ने जल सैंपलिंग लेने हेतु रोजाना वार्डो से पानी के नमूने संग्रहित करने के साथ ही पेयजल स्त्रोतों की निर्धारित अवधि से साफ-सफाई कराने, प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करने तथा तालाब कुओं एवं अन्य जल स्रोतों के आसपास के अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।

अवैध कॉलोनी के प्रकरणों पर कार्यवाही रहे जारी

निगमायुक्त द्वारा नगर की अवैध कॉलोनियों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने बताया कि अब तक 9 कॉलोनाइजर के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। जिसपर निगमायुक्त द्वारा प्रत्येक उपयंत्री को वार्डो की सतत निगरानी करनें तथा अवैध कालोनाईजार के अन्य शेष प्रकरणों पर भी नियमानुसार एफआईआर की कार्यवाही प्रस्तावित करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान विगत माह आयोजित कर्मचारी समस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा कर फरवरी माह में आयोजित शिविर के पूर्व शेष प्रकरणों का निराकरण कराने के निर्देश उपायुक्त श्री गुप्ता को दिए। वहीं जनसुरक्षा के मद्देनजर फायर एन.ओ.सी सर्टिफिकेट प्राप्त नहीं करने वालों को नोटिस जारी करने तथा फायर सेफ्टी हेतु नगर के घने स्थलों का चयन कर प्रति सप्ताह मॉक ड्रिल करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

इन प्रकरणों की भी हुई समीक्षा

निगमायुक्त ने बैठक के दौरान आईएचएसडीपी योजना के भवन आवंटन के लंबित प्रकरणों पर शीध्र कार्यवाही करनें सहित प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, ई- आफिस, ई-नगरपालिका, फिश पार्लर, नगर की सफाई व्यवस्था, डेयरी विस्थापन कार्यवाही की प्रगति, जलकर वसूली, राजस्व वूसली, न्यायालयीन प्रकरणों, सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्यवाही करनें के निर्देश दिए। बैठक में सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, आदेश जैन, उपयंत्री मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, अश्विनी पांडेय, पवन श्रीवास्तव, जयेन्द्र प्रताप सिंह बघेल, संजय मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, विधि अधिकारी, एन.यू एल एम सिटी मैनेजर, सहायक राजस्व अधिकारी, कार्यालय अधीक्षक, योजना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post