निगम प्रशासन ने स्कूल में आयोजित किया फायर सेफ्टी प्रशिक्षण, छात्रों व स्टाफ को आपदा प्रबंधन के उन्नत कौशलों की दी जानकारी

निगम प्रशासन ने स्कूल में आयोजित किया फायर सेफ्टी प्रशिक्षण, छात्रों व स्टाफ को आपदा प्रबंधन के उन्नत कौशलों की दी जानकारी

कटनी। आगजनी से संबंधित परिस्थितियों में सुरक्षित एवं सक्षम व्यवहार अपनाने हेतु महापौर प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर शुक्रवार को नगर के एक प्राइवेट स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकीय स्टाफ को फायर सेफ्टी का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में फायर टीम ने अग्नि सुरक्षा मानकों, आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं बचाव तकनीकों पर तकनीकी रूप से सुसंगत जानकारी निगम के फायर बिग्रेड के प्रशिक्षित दल द्वारा प्रदान की गई। प्रशिक्षण के प्रारंभ में विशेषज्ञों ने आग लगने के प्रमुख कारणों जैसे इलेक्ट्रिकल ओवरलोड, शॉर्ट सर्किट, गैस लीक, ज्वलनशील पदार्थों की असावधानी पूर्वक हैंडलिंग जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रतिभागियों को बताया गया कि किस प्रकार शुरुआती लक्षणों को पहचान कर आकस्मिक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। साथ ही इमरजेंसी निकास मार्ग, सुरक्षित एकत्रीकरण बिंदु तथा त्वरित सूचना प्रणाली के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
अभ्यास सत्र में विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों का उपयोग कर प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षकों ने ड्राई पाउडर, फोम, सीओ2 सिलेंडर जैसे उपकरणों की कार्यप्रणाली और उनके उपयुक्त उपयोग की परिस्थिति समझाते हुए पास तकनीक, पिन खींचना, लक्ष्य साधना, हैंडल दबाना आदि की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्राथमिक उपचार की मूलभूत जानकारी भी दी, जिसमें जलने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदम, सहायता बुलाने की विधि, तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने के नियम शामिल थे। साथ ही बताया गया कि आपात स्थिति में घबराहट से बचना, सूचना श्रृंखला को सही क्रम में सक्रिय करना और टीमवर्क के साथ कार्य करना कितना आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार 20 नवंबर को नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा कटनी डिग्री कॉलेज में चल रहे एन.सी.सी कैंप के दौरान भी फायर सत्र का आयोजन किया गया। नगर निगम प्रशासन द्वारा आगामी समय में नगर के अन्य स्कूलों, औद्योगिक क्षेत्र सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर इस तरह के प्रशिक्षत्र सत्र आयोजित किए जाएगें।
विद्यालय प्रबंधन ने फायर सेफ्टी प्रशिक्षण को विद्यालय की वार्षिक सुरक्षा नीति का अभिन्न अंग बताते हुए निगम प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित कर कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें जीवनरक्षक कौशलों से भी परिचित कराते हैं। इस प्रशिक्षण सत्र के दौरान नगर निगम फायर इंचार्ज शैलेन्द्र दुबे सहित स्टाफ के सदस्य वीरेंद्र कुमार खरे, ओम दुबे, राहुल एमयू, दिव्यांश शुक्ला, अंकुश सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post