जिले में पहली बार होगा कोदो कुटकी का उपार्जन, कलेक्टर ने की समीक्षा, लापरवाही बरतने पर सीएमएचओ और सभी बीएमओ को थमाया नोटिस

कटनी। सभी अधिकारी समाधान ऑनलाईन समीक्षा हेतु चयनित विषयों की जानकारी रखें। साथ ही संबंधित शिकायतों को एक माह में पूरी गंभीरता से निराकृत करें। यह निर्देश कलेक्‍टर दिलीप कुमार यादव ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में समाधान ऑनलाईन समीक्षा हेतु चयनित शिकायतों की समीक्षा के दौरान दिए। इस दौरान अपर कलेक्‍टर नीलांबर मिश्र भी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान, कलेक्‍टर श्री यादव ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत जननी सुरक्षा योजना और प्रसूति सहायता योजना के अंतर्गत भुगतान से संबंधित लंबित शिकायतों के निराकरण न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये इस लापरवाही के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह और सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्‍टर श्री यादव ने समाधान शिकायतों के बारे में तथ्‍यात्‍मक जानकारी न दे पाने पर जिला शिक्षा अधिकारी के प्रति भी नाराजगी जाहिर की।
कोदो-कुटकी उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में कलेक्‍टर श्री यादव ने पहली बार होने वाले कोदो और कुटकी के उपार्जन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्‍होंने सभी एसडीएम को पंजीयन की तैयारियां पूरी करने और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्‍होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि पंजीयन के दौरान गड़बडि़यां न हो। इसके अलावा, बैठक में खाद की उपलब्धता और वितरण पर भी चर्चा की गई। उपसंचालक कृषि डॉ. पटेल ने बताया कि वर्तमान में जिले में 2 हजार 497 मीट्रिक टन यूरिया की उपलब्‍धता है।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक में कलेक्‍टर श्री यादव ने केपीआई स्‍कोर, सीएम हाउस से प्राप्‍त शिकायतों एवं मा‍नवाधिकार आयोग से प्राप्‍त शिकायतों की समीक्षा की और शिकायतों के प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीपीग्राम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को भी गंभीरता से देखने के लिए कहा गया है। बैठक में सभी डिप्टी कलेक्‍टर, एसडीएम, जनपद पंचायत के सीईओ, महाप्रबंधक उद्योग ज्‍योति सिंह, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी देविका सोनवानी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला मत्‍स्‍य अधिकारी, उपसंचालक कृषि डॉ. आर एन पटेल सहित अन्‍य जिलाधिकारी मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *