खलवारा बाज़ार में होलिका दहन के दौरान हंगामा, पुलिस और पत्रकारों से अभद्रता, पनिहाई में नशा मुक्ति थीम पर सराहनीय आयोजन
कैमोर। 2 मार्च दिन सोमवार को पूरे भारत में होलिका दहन का पर्व हिंदू रीति-रिवाज और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। कैमोर नगर के विभिन्न स्थानों पर भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में होलिका दहन कार्यक्रमों में शामिल हुए।
खलवारा बाज़ार मुख्य चौराहे पर आयोजित होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल खराब करने का मामला सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान कुछ कमेटी सदस्य शराब के नशे में धुत होकर हंगामा करने लगे और पुलिस प्रशासन से भी अभद्र भाषा में गाली-गलौज करने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख कैमोर पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया और मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने नशे में मौजूद लोगों को समझाइश देते हुए शांति पूर्वक होलिका दहन संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा अपने दलबल के साथ दहन स्थल पर पहुंचे और कमेटी के सदस्यों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाना प्रतिबंधित है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की भी बात कही।
बताया गया कि घटना की कवरेज करने पहुंचे कुछ पत्रकारों के साथ भी असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई और बाद में होलिका दहन का कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया। वहीं दूसरी ओर पनिहाई में पनिहाई होलिका उत्सव समिति के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम काफी सराहनीय रहा। यहां कमेटी के सदस्यों द्वारा नशा मुक्ति की थीम पर होलिका दहन का आकर्षक सेटअप तैयार किया गया, जिसने लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश बताया।








