उमरियापान पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 2 वर्षों से फरार गिरफ्तारी वारंटी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में फरार अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ के अभियान के अंतर्गत उमरियापान पुलिस ने 2 वर्ष से फरार वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी देते हुए उमरियापान थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि माननीय न्यायालय जेएमएफसी महोदय ढीमरखेड़ा के न्यायालय से वर्ष 2017 के एक मारपीट के प्रकरण में आरोपी लगातार 2 वर्षो से पेशी पर अनुपस्थित चल रहा था। माननीय न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने पर न्यायालय द्वारा आरोपी राजेन्द्र सिंह उम्र 40 वर्ष, निवासी तिघरा, थाना उमरिया पान के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
लंबे समय से फरार चल रहे इस वारंटी की उमरियापान पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश करते हुए आज उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के पश्चात वारंटी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जिला जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र जायसवाल, उपनिरीक्षक भरत सिंह मार्को, सउनि कोदूलाल, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आशीष झारिया, अजय सिंह, आरक्षक योगेश पटेल, नीलेश पटेल, रोहित झारिया, मोहन मुबेल, जगन्नाथ सिंह की सराहनीय भूमिका रही।








