साधूराम स्कूल में तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेले का आयोजन 28 मार्च से
कटनी। स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों को प्रतिस्पर्धी एवं न्यूनतम दरों पर पाठ्य पुस्तकें काॅपियां और गणवेश उपलब्ध करवाने के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी की पहल पर कटनी शहर के सुभाष चौक के समीप स्थित साधूराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में 28 मार्च से 30 मार्च तक जिला स्तरीय पुस्तक एवं गणवेश मेला का आयोजन किया गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने पुस्तक मेला के व्यवस्थित और सुचारु आयोजन हेतु अधिकारियों को कार्य दायित्व सौंपा है। यह तीन दिवसीय मेला प्रतिदिन प्रात: 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पुस्तक एवं गणवेश मेला के आयोजन का प्रभारी अधिकारी जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर होंगी। जबकि सहयोगी अधिकारी के तौर पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी और जिला परियोजना समन्वयक प्रेमनारायण तिवारी सहित अन्य अधिकारियों को सहयोगी अधिकारियों का दायित्व सौंपा गया है। ये सभी अधिकारी मेला स्थल की संपूर्ण व्यवस्था, स्टॉल बुकिंग, स्टॉल आबंटन, टेंट पंडाल व्यवस्था , सांस्कृतिक कार्यक्रम स्टॉल के दुकानदारों से समन्वय और पुरानी पुस्तकें प्राप्त कर बुक बैंक के स्टाल की व्यवस्था संबंधी जिम्मेदारी एवं छात्र-छात्राओं के कैरियर काउंसलिंग का दायित्व संभालेंगे। इसके अलावा एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी को मेला स्थल पर कानून व्यवस्था बनाये रखने और नगर निगम से साफ -सफाई का दायित्व सौंपा गया है। इनके सहयोग के लिए उपायुक्त नगर निगम शैलेष गुप्ता की भी ड्यूटी लगाई गई है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेला स्थल में दुकानों को सुरक्षा की जिममेदारी और सुचारू यातायात का दायित्व सौंपा है। इसके अलावा धनश्री जैन एडीपीसी को मंच व्यवस्था, सभी अशासकीय विद्यालयों से समन्वय, पुस्तक विक्रेता व प्रशासकों से समन्वय, शिकायत निराकरण का कार्य सौंपा गया है। जबकि सीएमएचओ डॉ राज सिंह ठाकुर को मेला स्थल पर एंबुलेंस व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं तथा फूड स्टॉल पर विक्रय होने वाली खाद्य सामग्री की जांच का दायित्व दिया गया है। इसी प्रकार अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग को पुस्तक एवं गणवेश मेला स्थल में विद्युज व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।







