राजस्थानी समाज ने गोलबाजार रामलीला मैदान में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया होलिका दहन
कटनी। राजस्थानी समाज कटनी द्वारा आयोजित पावन होलिका दहन का कार्यक्रम निर्धारित शुभ मुहूर्त में विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में होलिका पूजन के पश्चात विधिवत अग्नि प्रज्ज्वलन किया गया। होलिका दहन भारतीय सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है, जो असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म एवं अहंकार पर आस्था की विजय का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति और भगवान के प्रति श्रद्धा की प्रेरणादायी कथा से जुड़ा है, जो समाज को सदाचार, विश्वास एवं एकता का संदेश देता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं की विशेष रूप से उल्लेखनीय सहभागिता रही, साथ ही समाज के बुजुर्गों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष भावनात्मक एवं सांस्कृतिक ऊँचाई प्रदान की। मारवाड़ी समाज के अतिरिक्त शहर के अन्य सभ्रांत नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आगंतुकों के लिए पेयजल एवं आइसक्रीम की उत्तम व्यवस्था की गई थी, जिससे आयोजन में आए सभी लोगों ने सहजता एवं संतोष का अनुभव किया।
श्री राजस्थानी मंडल के अध्यक्ष श्री पवन बजाज ने एवं राजस्थान नवयुवक मंडल (रजि.) के अद्यक्ष रौनक खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम राजस्थान नवयुवक मंडल (रजि.) के तत्वाधान में संयुक्त रूप से श्री राजस्थानी मंडल कटनी, श्री राजस्थान विवाह भवन ट्रस्ट कमेटी एवं राजस्थान महिला मंडल कटनी द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम की सफल व्यवस्थाओं में एवं समाज के अनेक कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा। अंत में समाज द्वारा परस्पर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ देते हुए समाज की निरंतर प्रगति, एकता एवं सौहार्द की कामना की गई।








