रीठी थाना क्षेत्र में बड़ी वारदात, देवगांव में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक पर एक दर्जन से अधिक लोगों ने किया जानलेवा हमला

रीठी थाना क्षेत्र में बड़ी वारदात, देवगांव में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक पर एक दर्जन से अधिक लोगों ने किया जानलेवा हमला

कटनी। जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगांव में होली के ठीक पहले एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। मामूली कहासुनी ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया और पारधी समुदाय के लगभग 15 लोगों ने मिलकर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरी घटना कटनी जिले के अंतर्गत आने वाले देवगांव गांव की है, जो रीठी थाना क्षेत्र में आता है। ग्रामीण परिवेश में घटी इस वारदात ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

कैसे हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, होली पर्व को लेकर गांव में सामान्य गतिविधियां चल रही थीं। इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पारधी समुदाय के लगभग 15 लोग एकजुट होकर युवक पर टूट पड़े। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर चाकू सहित अन्य धारदार हथियारों से हमला किया। युवक को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

एक दिन पहले ही दी गई थी समझाइश

गौरतलब है कि होली पर्व को देखते हुए एक दिन पूर्व ही रीठी थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ पारधी समुदाय के ठिकानों पर पहुंचकर शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार का झगड़ा या उत्पात न करने की समझाइश दी थी। इतना ही नहीं, क्षेत्र में लगातार पुलिस वाहन द्वारा गश्त भी की जा रही थी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

फिर कैसे हुई घटना?

अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब पुलिस पहले से सतर्क थी, समझाइश दी जा चुकी थी और गश्त भी जारी थी, तो फिर इतनी बड़ी घटना कैसे घटित हो गई?, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता के दावे के बावजूद यह घटना कहीं न कहीं पुलिस की निष्क्रियता को दर्शाती है। यदि निगरानी और सख्ती प्रभावी होती, तो शायद इस प्रकार की हिंसक वारदात को रोका जा सकता था। हमले में घायल युवक को गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने की बात सामने आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद देवगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। होली जैसे संवेदनशील पर्व के समय इस प्रकार की घटना ने प्रशासन की तैयारियों पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता का संदेश, होलिका दहन के दूसरे दिन चला व्यापक सफाई अभियान, पर्व के दौरान अपने कर्तव्यों के निर्वहन में डटे रहे स्वच्छता मित्र, राख एवं अन्य अवशेषों की कराई गई सफाई