जिलेभर में रात भर चली कटनी पुलिस की धरपकड़, 109 वारंटियों को किया गिरफ्तार, सड़क सुरक्षा व कानून-व्यवस्था को लेकर हुई सघन कार्रवाई
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कटनी जिले में व्यापक नाइट कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया।
इस अभियान के तहत जिले के समस्त अनुभागीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 170 से अधिक पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें गठित कर संगठित एवं सघन कार्रवाई की गई।
कॉम्बिंग गश्त में हुई यह कार्यवाही
जिले भर में रात्रि कांबिंग गस्त करते हुए कटनी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 23 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 56 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा विभिन्न प्रकरणों में जारी 53 जमानती वारंट एवं 98 समंस की तामील कराई गई। इतना ही नहीं 46 निगरानी बदमाशों एवं 42 गुंडा बदमाशों की सघन जांच भी की गई।
अवैध शराब पर कार्यवाही
इसके साथ ही अवैध शराब के विभिन्न ठिकानों में छापामार कार्यवाही करते हुए पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत 10 प्रकरण पंजीबद्ध कर अवैध शराब जब्त की। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 8 व्यक्तियों पर सख्त कार्यवाही करते हुए वाहन जप्त किए गए। साथ ही तीन जुआ फंडों पर कार्रवाई करते हुए जुआरियों को पकड़ कर प्रकरण दर्ज किया गया। आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अवैध हथियार रखने पर 02 आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
कटनी पुलिस द्वारा यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात अनुशासन, तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।








