शांति एवं सुरक्षा के लिए बहोरीबंद पुलिस मुस्तैद, क्षेत्र में किया फ्लेग मार्च, बदमाशों को दिया संदेश
कटनी। होली एवं रमजान पर्व के दौरान क्षेत्र की कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज बहोरीबंद पुलिस ने थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च करते हुए बहोरीबंद पुलिस ने क्षेत्र के शांति प्रिय लोगों से उत्साहपूर्वक पर्व मनाने की अपील की वहीं दूसरी तरफ उपद्रव मचाने वालों को कड़ा संदेश दिया कि यदि शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ पुलिस के द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बहोरीबंद थाना प्रभारी अखिलेश दहिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के द्वारा होली एवं रमजान पर्व को देखते हुए मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में बहोरीबंद पुलिस के द्वारा फ्लैग मार्च करते हुए कानून व्यवस्था का जायजा लिया गया। थाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतते हुए अतिरिक्त पुलिस टीम जगह तैनात की गई हैं। इसके साथ ही पुलिस के पेट्रोलिंग दल भ्रमण करते हुए परिस्थितियों का जायजा लेते रहेंगे।








