जनसुनवाई में पहुंचे लोगों की कलेक्टर श्री यादव ने सुनी पीड़ा, विभागीय अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश, ग्राम पंचायत स्तर पर भी हुआ जनसुनवाई का आयोजन

जनसुनवाई में पहुंचे लोगों की कलेक्टर श्री यादव ने सुनी पीड़ा, विभागीय अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश, ग्राम पंचायत स्तर पर भी हुआ जनसुनवाई का आयोजन

Oplus_131072

कटनी। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने कटनी नगर एवं जिले के दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे लोगों के आवेदनों पर धैर्यपूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवेदन प्रेषित कर समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत, अपर कलेक्टर साधना परस्ते, संयुक्त कलेक्टर निधि सिंह गोहल, डिप्टी कलेक्टर ज्योति लिल्हारे, प्रमोद चतुर्वेदी, विवेक गुप्ता सहित एस.डी.एम कटनी प्रदीप कुमार मिश्रा ने भी जनसुनवाई में पहुंचे लोगों के आवेदनों पर सुनवाई की। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 130 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर मंगलवार को जिले भर में ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत स्तरीय अधिकारी सहित ग्राम पंचायत सचिव , रोजगार सहायक, पटवारी एवं ग्राम पंचायत स्तरीय शासकीय कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

कृषक सुनील की पंजीयन संबंधी समस्या का करें निराकरण

जनसुनवाई में ग्राम गैतरा निवासी कृषक सुनील कुमार पटेल ने कलेक्टर श्री यादव के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी ग्राम जरवाही में स्थित भूमि के खसरा नंबर 154/3, 1121/3, 1292/2 एवं अन्य खरसे पंजीयन के दौरान नहीं दिखने तथा सर्वेयर आई.डी लॉगिन नहीं होने के कारण किसान पंजीयन करवाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर श्री यादव द्वारा कृषक सुनील की समस्या को सुनते हुए अधीक्षक भू अभिलेख डॉ राकेश कुमार को प्रकरण पर निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

जन्म प्रमाण पत्र हेतु करें नियमानुसार कार्यवाही

तहसील बड़वारा के ग्राम रोहनिया निवासी आवेदक शंकर लाल रजक द्वारा बताया गया कि उनका जन्म 1 मई 1965 को ग्राम रोहनिया में हुआ था। जानकारी के आभाव में जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनवानें तथा विलंब होने के कारण शपथपत्र के साथ आवेदन प्रस्तुत किया गया था जो खारिज कर दिया गया है। वर्तमान में जन्म प्रमाण पत्र की महती आवश्यकता होने की जानकारी दिये जाने पर कलेक्टर श्री यादव द्वारा एस.डी.एम बड़वारा को प्रकरण पर समय-सीमा में नियमानुसार कार्यवाही करनें के निर्देश दिए।

श्रम पदाधिकारी करें जांच

जनसुनवाई के दौरान तहसील विजयराघवगढ़ के ग्राम कैमोरी निवासी रविन्द्र कुमार सनाढ्य द्वारा अडानी ए.सी.सी अमेहटा प्लांट में कार्य के दौरान दुर्घटना में हाथ फैक्चर होने के कारण नौकरी से निकाले जाने तथा किसी भी तरह के भुगतान नहीं दिये जाने संबंधी आवेदन पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर श्री यादव ने श्रम पदाधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

परीक्षण करें दें शासकीय योजनाओं का लाभ

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव द्वारा जनसुनवाई के दौरान मुकेश कुमार सोनी के आवेदन पर सुनवाई करते हुए एस.डी.एम कटनी को ग्राम पंचायत बंडा बिछिया निवासी उनके बड़े भाई राकेश कुमार सोनी की वर्तमान अस्वस्थता और मेडिकल कॉलेज में चल रहे इलाज को दृष्टिगत रखते हुए पात्रता पर्ची अथवा अन्य किसी शासकीय योजनाओं का लााभ प्रदान करनें हेतु नियमानुसार परीक्षण की कार्यवाही करनें के निर्देश दिए।

इन आवेदनों पर भी हुई सुनवाई

जनसुनवाई के दौरान लमतरा निवासी जागृति पांडे द्वारा शिक्षा लोन माफ करने, तहसील रीठी निवासी आवेदक हरिशंकर बेन द्वारा सूचना के अधिकार के तहत जानकारी प्रदाय करानें, सपना तिवारी सावित्री स्व सहायता समूह विलायत कला में पीएम पोषण के तहत फरवरी माह में कम खाद्यान्न प्राप्त होने, ग्राम बिस्तरा निवासी सोचाबाई पटेल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत करने, ग्राम परसेल निवासी दादूराम यादव द्वारा किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने सहित अन्य आवेदनों पर सुनवाई की जाकर संबंधित विभाग प्रमुखों को आवेदनों पर समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह, श्रम पदाधिकारी के.बी मिश्रा, जिला पंजीयक पंकज कोरी, एलडीएम, उपायुक्त नगर निगम पवन कुमार अहिरवार सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

🌟मेरी मर्जी🌟 छात्रावासी बच्चों के खाते में शासन ने भेजी राशी, बिस्तर सामग्री की खरीदारी में गड़बड़झाला, छात्राओं और अभिभावकों से छीने अधिकार, स्वयं खरीदी कर थमा रहे बिस्तर सामग्री, शासकीय कन्या शिक्षा परिसर सरसरवाही चर्चा में