सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करना युवक को पड़ा भारी, कुठला पुलिस ने की कार्रवाई
कटनी। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुठला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उसे कार्यपालिक दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में भयमुक्त वातावरण स्थापित करने, आमजन को सुरक्षा प्रदान करने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के अनुसार, अरमान द्विवेदी (29 वर्ष) निवासी पन्ना मोड़, थाना कुठला, जिला कटनी द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की गई थी, जिससे क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कुठला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अखलेश दाहिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करना दण्डनीय अपराध है। साइबर सेल की टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रही है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी पोस्ट, फोटो, वीडियो अथवा संदेश को बिना सत्यापन साझा न करें। साथ ही ऐसी कोई भी सामग्री पोस्ट करने से बचें, जिससे सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती हो।







