मुकेश कबाड़ी की दुकान में युवक को लगा करेंट, अस्पताल में हो गई मौत, युवक की मौत को लेकर आक्रोश, अवैध शराब के ठिकाने संचालित करने के भी आरोप
कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली दुर्गा चौक खिरहनी में गुरुवार को मुकेश कबाड़ी की कबाड़ दुकान में काम करने के दौरान एक युवक बिजली की जिंदा तारों के संपर्क में आ गया। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, जहां पर बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक की मौत के कारण स्थानीय लोग अस्पताल में जमा हो गए आक्रोशित लोग पुलिस से कार्यवाही की गुहार लगाते हुए नजर आए। इस दौरान लोगों ने कबाड़ दुकान के संचालक मुकेश पर शराब के अवैध ठिकाने संचालित करने के भी आरोप लगाए।
जानकारी के मुताबिक गड्ढाटोला निवासी सौरभ वंशकार मुकेश कबाड़ी की दुकान में काम करता था। आज भी वह दुर्गा चौक खिरहनी स्थित मुकेश की कबाड़ दुकान में काम कर रहा था, इसी दौरान वह बिजली की तारों के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि काम के दौरान ग्राइंडर मशीन अचानक खराब हो गई थी। सौरभ मशीन को ठीक करने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान उसे करंट लग गया और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। घटना के बाद दुकान में मौजूद लोगों ने आनन-फानन में युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद सौरभ को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और घटना को लेकर जमकर हंगामा किया। परिजनों की ओर से घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, ग्राइंडर मशीन की स्थिति तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी जांच कर रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
अवैध शराब का कारोबार
अस्पताल में जमा हुए लोग बता रहे थे कि कबाड़ का व्यवसाय करने वाला मुकेश शराब के अवैध धंधे भी संचालित करता है। भट्टा मोहल्ला के वंशरूप वार्ड में सन्यासी बाबा और काली मंदिर के बीच में मुकेश वंशकार के द्वारा कबाड़ की दुकान संचालित है। बीते दिनों उक्त कबाड़ दुकान से अवैध रूप से शराब बेचते हुए डीएसपी शिवा पाठक ने रंगेहाथों पकड़ा था। लोगों ने कहा की कार्यवाही के बावजूद अवैध शराब बेचने का सिलसिला थमा नहीं है। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब के धंधे को बंद कराने की मांग की है।