विद्युत तार की चपेट में आने से युवक की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश, पूर्व में भैंस और बकरी की करंट से हो चुकी मौत, शिकायतों के बावजूद नहीं विभाग ने नहीं दिया ध्यान
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम घंघरी खुर्द में 4 सितंबर को विद्युत तार की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है, वहीं ग्रामीणों में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम घंघरी खुर्द निवासी सुंदर पटेल पिता बाला पटेल (40) शुक्रवार को बाइक से अपने घर पहुंचा था। इसी दौरान घर के ऊपर से गुजर रहा विद्युत तार अचानक टूटकर उसके ऊपर जा गिरा। तार के संपर्क में आने से सुंदर पटेल करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जन्माष्टमी के दिन हादसे से गांव में पसरा मातम
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवार के सदस्य घटना से सदमे में हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था को लेकर विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की।
नीचे झूल रहे विद्युत तारों को लेकर पहले भी की थी शिकायत
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कई स्थानों पर विद्युत तार काफी नीचे झूल रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को पूर्व में भी अवगत कराया गया था और तारों को व्यवस्थित कर पर्याप्त ऊंचाई पर लगाने की मांग की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार शिकायतों के बावजूद समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई।
पहले भैंस और बकरी की भी हो चुकी है मौत
ग्रामीणों ने बताया कि घंघरी खुर्द में विद्युत तारों की चपेट में आने से पूर्व एक भैंस और एक बकरी की भी मौत हो चुकी है। इन घटनाओं के बाद भी विद्युत तारों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते झूलते और असुरक्षित विद्युत तारों को व्यवस्थित कर दिया जाता तो संभवतः यह हादसा टाला जा सकता था।