“मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी” के संदेश के साथ स्वच्छ कटनी के संकल्प को मिली नई ऊर्जा, राहगीरी डे ने जगाई स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति नई चेतना

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा रविवार को आयोजित “राहगीरी डे” कार्यक्रम ने शहरवासियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनभागीदारी के प्रति नई चेतना जगाई। नेहरू वार्ड स्थित हाउसिंग बोर्ड प्रवेश द्वार से हाउसिंग बोर्ड मैदान तक आयोजित इस विशेष आयोजन में नागरिकों ने खुले आसमान के नीचे फिटनेस, मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखा। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को यह संदेश देना था कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर “मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी” के संकल्प को मजबूती दी। कार्यक्रम के दौरान महापौर प्रीति संजीव सूरी, पूर्व विधायक अलका जैन, निगम आयुक्त तपस्या परिहार, मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, उमेंद्र ओमी अहिरवार, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शशिकांत तिवारी, लव साहू, गोविंद चावला, सीमा श्रीवास्तव, सीमा जैन सोगानी, नगर निगम ब्रांड एम्बेसडर एवं उपयुक्त शैलेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
फिटनेस गतिविधियों में दिखा उत्साह
राहगीरी डे की शुरुआत सामूहिक योग एवं फिटनेस गतिविधियों से हुई। इसके बाद साइकिलिंग, जुंबा, स्केटिंग, रस्साखींच, शतरंज, कैरम, पेंटिंग, रंगोली, सांप-सीढ़ी, पिट्टू, बोरा दौड़, रस्सीकूद और चम्मच-नींबू दौड़ जैसी पारंपरिक एवं मनोरंजक गतिविधियों ने आयोजन को जीवंत बना दिया। तेज संगीत की धुनों पर आयोजित जुंबा सत्र में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान “फिटनेस के साथ मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी” का संदेश लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। नुक्कड़ नाटक, कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंध और वाटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से जल संरक्षण जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के समापन पर महापौर प्रीति संजीव सूरी ने उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। वहीं इको ब्रिक्स एवं अनुपयोगी कपड़ों से तैयार थैलों के स्टॉल ने “रीसायकल से सृजन” का संदेश दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनी आकर्षण का केंद्र
राहगीरी डे में गीतांजलि रस कला केंद्र के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। वहीं कार्टून कैरेक्टर गोरिल्ला बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहा। मैजिक शो और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
तुलसी पौधा भेंट कर किया सम्मान
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश देता नजर आया। नगर निगम द्वारा प्रति रविवार आयोजित किया जा रहा “राहगीरी डे” अब केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का सशक्त अभियान बनता जा रहा है। यह आयोजन नागरिकों को यह संदेश दे रहा है कि जब समाज और प्रशासन साथ मिलकर कदम बढ़ाते हैं, तब स्वच्छ और स्वस्थ शहर का सपना साकार होना तय है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *