राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए बोलीं निगमायुक्त, राजस्व वसूली में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अभी से करें सुनियोजित प्रयास

कटनी। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बुधवार शाम विगत वर्ष की राजस्व वसूली की समीक्षा कर राजस्व संग्रहण की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया तथा इस वित्तीय वर्ष के लिए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी रणनीति के साथ राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक को संबोधित करते हुए निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने कहा कि निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत एवं समर्पण के परिणामस्वरूप विगत वर्ष में राजस्व वसूली में सुधार आया है। उन्होंने राजस्व अमले का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि इस वित्तीय वर्ष के प्रारंभ से ही निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए तो नगर निगम राजस्व संग्रहण के क्षेत्र में और अधिक उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त कर सकता है। बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित राजस्व निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक एवं राजस्व अमले के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान निगमायुक्त एवं उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों ने उत्कृष्ट वसूली कार्य करने वाले कर्मचारियों का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उत्साहवर्धन कर निगमायुक्त ने उन्हें इस वर्ष भी इसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं अपेक्षाकृत कम वसूली करने वाले कर्मचारियों से कम वसूली के कारणों की जानकारी लेते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लक्ष्य प्राप्ति में निरंतर असफल रहने की स्थिति में आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही भी प्रस्तावित की जाएगी जिसकी सम्पूर्ण जवाबदारी संबंधित की होगी। निगमायुक्त ने बेहतर राजस्व संग्रहण के लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को मासिक, साप्ताहिक एवं दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से करदाताओं से संपर्क स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध प्रभावी वसूली अभियान संचालित करने, बिल एवं डिमांड नोटिस जारी करने तथा बल्क मैसेज के माध्यम से करदाताओं को बकाया करों की जानकारी उपलब्ध कराकर बकाया राशि निगम कोष में जमा कराने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने विगत वित्तीय वर्ष के दौरान चेक बाउंस के प्रकरणों में वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में निगमायुक्त ने नवीन संपत्तियों का निगम अभिलेखों में पंजीयन कराने, आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों की उपयोगिता का सत्यापन करने तथा आवासीय संपत्तियों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित पाए जाने पर नियमानुसार व्यावसायिक दरों से कर अधिरोपित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने राजस्व अमले को अधिक से अधिक पीओएस (POS) मशीनों का उपयोग कर नागरिकों को घर पर ही कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने तथा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के निर्देश राजस्व अमले को दिए।।बैठक के दौरान जलकर, बाजार शाखा एवं बाजार बैठकी से संबंधित राजस्व वसूली की भी समीक्षा की जाकर निगमायुक्त ने निगम की निगम स्वामित्व की समस्त दुकानों का किराया शत-प्रतिशत वसूलने, बाजार बैठकी की वसूली पीओएस मशीनों के माध्यम से करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने हेतु सतत एवं सार्थक प्रयास करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *